
होवरक्राफ्ट के लिए ग्लोबल टेंडर जल्द

मुंबई वालों को जल्द ही अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। पानी में दौड़ने वाले होवरक्राफ्ट के लिए महाराष्ट्र मेरीटाइम बोर्ड जल्द ही ग्लोबल टेंडर जारी करेगा। महाराष्ट्र मेरीटाइम बोर्ड कल नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को भी प्रस्ताव सौंपेगा। आपको बता दें कि सरकार की दक्षिणी मुंबई से नवी मुंबई के बीच होवरक्राफ्ट चलाने की योजना है। इससे आपकी पैसे और वक्त दोनों की बचत होगी।
दक्षिणी मुंबई के भाऊचा धक्का से नवी मुंबई के बेलापुर तक कैब में आपको 60 से 70 मिनट लगते हैं जबकि होवरक्राफ्ट से इसके लिए सिर्फ 22 से 25 मिनट लगेंगे। वहीं कैब से करीब 650 से 750 रुपये तक किराया देना पड़ता है। जबकि होवरक्राफ्ट से किराया करीब 350 रुपये ही लगेगा।
होवरक्राफ्ट जमीन, पानी, कीचड, बर्फ या किसी भी दूसरी सतह पर तेज रफ्तार से चल सकता है। ये पूरी तरह एयर कंडीशंड होता है। एक बार में ये करीब 90 यात्रियों को एक साथ ले जाने में सक्षम है। नए होवरक्राफ्ट की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये पड़ेगी।