पाकिस्तान की इमरान सरकार ने रेपिस्ट को नपुंसक बनाने वाले कानून को दी मंजूरी

पाकिस्तान की इमरान खान सरकार ने रेपिस्टों पर रहम नहीं दिखाने के संकेत दिये हैं। देश में बढ़ते यौन अपराधों पर पाकिस्तानी सरकार सख्ती का रवैया अपनाने जा रही है। इसके लिए सरकार ने रेपिस्टों को दंड देने के लिए उन्हें नपुंसक बनाने का फैसला किया है। न्यूज 18 की खबर के अनुसार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मंगलवार को रेपिस्टों को रासायनिक तरीके से नपुंसक बनाने (chemical castration of rapists) के कानून को मंजूरी दे दी। हालांकि इस कानून को लेकर मानवाधिकार संगठनों ने ऐतराज जाहिर किया है।
इसके अलावा सरकार ने यौन हमलों के मामलों की तेजी से सुनवाई संबंधी कानून को मंजूरी दे दी है और इसके लिए फास्ट ट्रैक पर कार्रवाई और सुनवाई की जायेगी। संघीय मंत्रिमंडल की बैठक में इमरान ने कानून को मंजूरी देने पर अपनी रजामंदी जता दी है। इस मीटिंग में कानून मंत्रालय ने प्रस्तावित अध्यादेश का मसौदा पेश किया था। इस कानून को जल्द ही संसद में पेश किया जाएगा।
फिलहाल कानून को सिर्फ सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दी गयी है और आधिकारिक तौर पर इसका एलान नहीं किया गया है। इस अध्यादेश के मसौदे में पुलिस में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने, दुष्कर्म के मामलों की तेजी से सुनवाई और गवाहों की सुरक्षा को शामिल किया गया है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि इसमें विलंब सहन नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा, हमें अपने नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की जरूरत है। जिसमें बलात्कार पीड़िताएं बिना डर के शिकायतें दर्ज करा सकेंगी और सरकार उनकी पहचान छिपाकर रखेगी। नया कानून स्पष्ट और पारदर्शी होगा जिसका सख्ती से अनुपालन किया जाएगा।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।