Tripura New CM: BJP के प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा होंगे त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री
Tripura New CM: माणिक साहा प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के साथ-साथ राज्यसभा सांसद भी हैं। वह इस पद के प्रबल दावेदार थे
अपडेटेड May 14, 2022 पर 7:17 PM | स्रोत :Moneycontrol.com
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा होंगे त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री
बिप्लब कुमार देब के इस्तीफे (Biplab Deb Resigns) के बाद त्रिपुरा (Tripura) को अपना नया मुख्यमंत्री मिल गया है। माणिक साहा (Manik Saha) त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री हैं। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव (Bhupendra Yadav) ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है।
भूपेंद्र यादव ने ट्वीट किया, "माणिक साहा को त्रिपुरा भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की बहुत-बहुत बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में त्रिपुरा विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।"
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने माणिक साहा को सम्मानित किया। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने माणिक साहा को सम्मानित किया। देब ने ट्वीट किया, "डॉ. माणिक साहा जी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और नेतृत्व में त्रिपुरा समृद्ध होगा।"
#WATCH | Former Tripura CM Biplab Kumar Deb felicitated Manik Saha, who will be the new Chief Minister of the state pic.twitter.com/yI2NXKyciQ
माणिक साहा राज्य की बीजेपी इकाई के अध्यक्ष हैं। साहा राज्यसभा सांसद भी हैं। राजनीति में कदम रखने से पहले माणिक साहा त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज में पढ़ाते थे। वह पेशे से एक डेंटिस्ट हैं।
साहा साल 2016 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। साल 2020 में उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद पिछले साल वह राज्यसभा सांसद चुने गए थे। साहा त्रिपुरा क्रिकेट असोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
बिप्लब देब का इस्तीफा
दरअसल शनिवार शाम को बिप्लब कुमार देब ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद देब ने कहा, "पार्टी सबसे ऊपर है। मैंने पीएम मोदी के नेतृत्व और निर्देशन में पार्टी के लिए काम किया है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख और सीएम के रूप में त्रिपुरा के लोगों के साथ न्याय करने की कोशिश की है। मैंने शांति, विकास सुनिश्चित करने और राज्य को कोविड संकट से बाहर निकालने की कोशिश की है।"
बिप्लब देब गुरुवार को त्रिपुरा में पार्टी के मामलों पर चर्चा के लिए दिल्ली गए था। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।