Get App

PUBG Ban: भारत में आज से PUBG Game पूरी तरह बंद, ऐसे हो सकती है गेम की वापसी

पबजी मोबाइल और पबजी मोबाइल लाइट 30 अक्टूबर से भारत में पूरी तरह से काम करना बंद कर देगा, कंपनी भारत में अपने सर्वर को आज बंद कर देगी

MoneyControl Newsअपडेटेड Oct 31, 2020 पर 8:30 AM
PUBG Ban: भारत में आज से PUBG Game पूरी तरह बंद, ऐसे हो सकती है गेम की वापसी

आज से कोई भी भारतीय अपने स्मार्टफोन, कंप्यूटर या टैबलेट पर पबजी गेम (PUBG Game) नहीं खेल पाएंगे। पबजी मोबाइल (PUBG Mobile) और पबजी मोबाइल लाइट (PUBG Mobile Lite) 30 अक्टूबर से भारत में पूरी तरह से काम करना बंद कर देगा। भारत में PUBG की स्वामित्व वाली कंपनी टेनसेंट गेम्स (Tencent Games) ने फेसबुक पर पोस्ट करके बताया कि कंपनी भारत में अपने सर्वर को आज बंद कर देगी। आपको बता दें कि पबजी मोबाइल और पबजी मोबाइल लाइट को पिछले महीने ही सरकार ने बैन किया था, लेकिन जिन लोगों के फोन में पबजी मोबाइल और पबजी मोबाइल लाइट पहले से डाउनलोड था, वे आराम से इस ऐप पर गेम खेल पा रहे थे।

भारत में गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से PUBG मोबाइल ऐप को हटा दिया गया था, यह गेम उन यूजर्स के स्मार्टफोन में एक्टिव था, जिन्होंने पहले ही इसे इंस्टॉल कर लिया था। लेकिन सर्वर बंद होने से अब वे किसी भी सूरत में यह गेम नहीं खेल पाएंगे। Tencent Games ने अपने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, डियर फैन्स, 2 सितंबर 2020 के भारत सरकार के आईटी मंत्रालय के अंतरिम आदेश के बाद Tencent गेम्स भारत में अपनी सभी सर्विसेज और एक्सेस 30 अक्तूबर, 2020 को बंद करने जा रहा है। यूजर्स के डेटा की सुरक्षा हमेशा से हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और हमने हमेशा भारत में लागू डाटा सुरक्षा कानूनों और नियमों का अनुपालन किया है। हमें यहां से जाने का बेहद अफसोस है। आप सभी का धन्यवाद।

24% से ज्यादा यूजर भारत के थे

आपको बता दें कि भारत में PUBG के बैन होने से चीन की कंपनी टेनसेंट गेम्स को 2.48 लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। दुनिया के कुल यूजर्स में से भारत के PUBG के 24% से ज्यादा यूजर्स थे। टेनसेंट गेम्स PUBG गेमिंग ऐप के जरिए ही भारत से सबसे ज्यादा कमाई करती थी। भारत में इस गेम के एक्टिव यूजर्स की संख्या रोजाना 3 करोड़ थी। एक्टिव यूजर्स के मामले में भारत टॉप पर था। यही कारण है कि टेनसेंट गेम्स भारत में ऐप के जरिये सबसे अधिक कमाई करने वाली कंपनी थी।

फिर वापसी कर सकती है PUBG

भारत में PUBG गेम के पब्लिशिंग राइट्स दक्षिण कोरियाई कंपनी ब्लूहोल स्टूडियो (Blue Hole Studios) ने चीन की कंपनी टेनसेंट गेम्स को दे दिए थे, लेकिन भारत सरकार के आदेश के बाद ब्लूहोल स्टूडियो ने टेनसेंट के साथ काम करने से इंकार कर दिया। अब पबजी मोबाइल के पब्लिशिंग राइट्स फिर से पबजी कॉरपोरेशन (PUBG Corporation) को मिल जाएंगे। पबजी कॉरपोरेशन ने कहा है कि 2 दिसंबर तक कंपनी भारत में इस गेम के राइट्स दक्षिण कोरियाई गेमिंग कंपनी क्रॉफ्टन इंक (Krafton Inc.) को दे देगी। ताकि देश में PUBG की सेवाएं जारी रह सके। क्रॉफ्टन इंक पहले की तरह ही निजी जानकारी का इस्तेमाल करेगा और उसे अपने पास रखेगा। पबजी मोबाइल ने कहा कि उसने यूजर प्राइवेसी और डेटा को प्रोटेक्ट किया है। ऐसे में कंपनी को उम्मीद है कि वह भारत में दोबारा वापसी कर सकती है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें