दो दिन बाद एक फरवरी को आम बजट पेश होने वाला है। बजट से पहले शेयर बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिल रही है। आर्थिक समीक्षा (Economic Survey 2021) भी शेयर बाजार के निवेशकों (Investor) को लुभाने में असफल रही। इसके चलते शुक्रवार को लगातार छठे दिन भी बाजार भारी गिरावट में बंद हुए। करीब एक सप्ताह के भीतर निवेशकों को 11,57,928.54 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। तेज उथल-पुथल कारोबार में सेंसेक्स (BSE Benchmark Tanked) 588.59 अंक यानी 1.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 46,285.77 अंक पर बंद हुआ।

छह दिन में सेंसेक्स में 3,506.35 अंक यानी 7.04 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। शुक्रवार को सेंसेक्स में कारोबार के दौरान कुल मिलाकर 1,263.20 अंक के दायरे में उतार-चढ़ाव आया। एनएसई का निफ्टी 182.95 अंक यानी 1.32 फीसदी कम होकर 13,634.60 अंक पर बंद हुआ। छह दिनों में एनएसई 1,010.10 अंक यानी 6.89 प्रतिशत गिर चुका है। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 26 के शेयर गिरावट में रहे।

Dr Reddys, Maruti suzuki, Bharti Airtel, Bajaj Auto, Infosys और TCS में 5.69 प्रतिशत तक की गिरावट रही। दूसरी ओर, IndusInd Bank, Sun Pharma, ICICI Bank और HDFC Bank बढ़त के साथ बंद हुए। इनमें 5.44 प्रतिशत तक की तेजी रही। दिन में मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आर्थिक समीक्षा 2020-21 पेश किया। वह सोमवार को 2021-22 का केंद्रीय बजट पेश करने वाली हैं। आर्थिक समीक्षा (Economic Survey) में अगले वित्त वर्ष के दौरान सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 11 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान जाहिर किया गया है।

आर्थिक समीक्षा में कहा गया देश की अर्थव्यवस्था महामारी के चलते गिरावट के बाद तेज वापसी करने वाली है। समीक्षा में यह भी कहा गया कि अप्रैल से नवंबर 2020 तक के आंकड़ों के अनुसार सरकार चालू वित्त वर्ष में राजकोषीय लक्ष्य से चूक सकती है। विश्लेषकों का मानना है कि मुख्य रूप से केंद्रीय बजट और महत्वपूर्ण वैश्विक घटनाक्रमों से पहले मुनाफावसूली की वजह से घरेलू बाजारों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। BSE के 19 में से 16 ग्रुप गिरावट में रहे। दूरसंचार में 2.97 फीसदी, वाहन में 2.95 फीसदी, टेक्नॉलॉजी में 2.63 प्रतिशत और इन्फोर्मेशन टेक्नॉलॉजी में 2.48 प्रतिशत की गिरावट रही। 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।