विंध्य क्षेत्र में इस समय किसान एक गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। खेतों में चूहों की बढ़ती गतिविधि ने गेहूं की फसल पर खतरा खड़ा कर दिया है। चूहे जमीन के अंदर बिल बनाकर पौधों की जड़ों को कुतर रहे हैं और बालियों को काटकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर असर पड़ रहा है। कई इलाकों में 25 से 30 प्रतिशत तक पैदावार घटने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। सीधी के कृषि अधिकारी संजय सिंह का कहना है कि जैसे ही गेहूं में बालियां निकलती हैं, चूहे अधिक सक्रिय हो जाते हैं और तेजी से नुकसान पहुंचाते हैं। यदि समय रहते नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए, तो किसानों को बड़ा आर्थिक झटका लग सकता है। ऐसे में सतर्कता और त्वरित कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया है।
