ग्रॉस GST कलेक्शन जुलाई में 15% बढ़ा, FY27 में दूसरी बार ₹2 लाख करोड़ के पार

पिछले वर्ष जुलाई में ग्रॉस GST कलेक्शन 1.83 लाख करोड़ रुपये रहा था। वहीं, जून 2026 में यह लगभग 1.95 लाख करोड़ रुपये था। रिफंड का अमाउंट जुलाई महीने के दौरान 13.1 प्रतिशत बढ़कर 29,968 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड Aug 01, 2026 पर 12:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
शुद्ध GST रेवेन्यू 1.81 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।

ग्रॉस गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) कलेक्शन जुलाई 2026 में सालाना आधार पर 15.4 प्रतिशत बढ़कर 2.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। घरेलू लेनदेन और आयात से अधिक टैक्स कलेक्शन के कारण GST कलेक्शन में इजाफा हुआ। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 में मंथली GST कलेक्शन दूसरी बार 2 लाख करोड़ रुपये के पार गया है। अप्रैल 2026 में ग्रॉस GST कलेक्शन लगभग 2.43 लाख करोड़ रुपये रहा था, जो​ कि रिकॉर्ड हाई है। शनिवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

पिछले वर्ष जुलाई में ग्रॉस GST कलेक्शन 1.83 लाख करोड़ रुपये रहा था। वहीं, जून 2026 में यह लगभग 1.95 लाख करोड़ रुपये था। जुलाई 2026 में आयात से जुड़ा GST कलेक्शन 28.8 प्रतिशत बढ़कर 66,511 करोड़ रुपये हो गया। घरेलू लेनदेन से GST रेवेन्यू भी अच्छा रहा और 10.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1.45 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

रिफंड का आंकड़ा रहा 13 प्रतिशत ज्यादा


वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस साल जुलाई में हासिल हुए कुल GST का आंकड़ा 2,11,205 करोड़ रुपये रहा। जुलाई के दौरान केंद्रीय माल एवं सेवा कर (CGST) से 39,835 करोड़ रुपये, राज्य माल एवं सेवा कर (SGST) से 47,881 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड GST (IGST) से 1.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक हासिल हुए। कुल कर वापसी यानि कि रिफंड का अमाउंट जुलाई महीने के दौरान 13.1 प्रतिशत बढ़कर 29,968 करोड़ रुपये रहा। रिफंड को एडजस्ट करने के बाद शुद्ध GST रेवेन्यू 1.81 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।