UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) कक्षा की थ्योरी परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। पहले दिन की परीक्षा राज्य के सभी 75 जिलों में बने 8033 परीक्षा केंद्रों पर हुई, जिसमें 53 लाख से ज्यादा छात्र पंजीकृत थे। कई चरण की सुरक्षा व्यवस्था, सख्ती और व्यापक बदलाव के बीच बुधवार, 18 फरवरी को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा आयोजित कर रहा है। दो शिफ्ट में हो रही परीक्षा में पहले दिन बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ने की सूचना मिली है।
यूपी बोर्ड के साथ ही पूरा प्रशासनिक अमला नकल और धांधली रोकने के लिए सतर्क नजर आया। यूपी बोर्ड के अनुसार पहले दिन हाईस्कूल परीक्षा में तीन नकलची पकड़े गए, जिसमें से दो हापुड़ में और एक नकलची बरेली में पकड़ा गया। इंटरमीडिएट परीक्षा में पहले दिन कोई छात्र नकल करते नहीं पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त आगरा, फतेहपुर, कन्नौज, कौशांबी और इटावा जिलों में मुस्तैद प्रशासन ने पांच फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा। ये “मुन्ना भाई” किसी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि पूरे प्रदेश में परीक्षा शांतिपूर्ण रही और किसी भी जिले में कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई
इस साल दोनों कक्षाओं में परीक्षा देने वाले छात्रों के उपस्थिति के आंकड़ों ने भी काफी चौंकाया। पहले दिन की परीक्षा की पहली शिफ्ट में हाईस्कूल के लिए 27,54,376 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 25,83,055 उपस्थित रहे जबकि 1,71,321 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के 24,99,370 पंजीकृत छात्रों में से 23,56,983 उपस्थित रहे और 1,42,387 ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 52,53,746 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 49,40,038 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 3,13,708 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नकल करते पाए जाने पर 2024 के नकल विरोधी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुल मिलाकर पहले दिन प्रदेश में परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिससे प्रशासन और शिक्षा विभाग ने संतोष व्यक्त किया है।