Kerala CM Satheesan: केरल में करीब एक दशक के वामपंथी शासन के बाद सोमवार (18 मई) को सत्ता परिवर्तन हो गया है। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनके नेतृत्व में 21 सदस्यीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) मंत्रिमंडल ने सोमवार सुबह 10 बजे केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में पद एवं गोपनियता की शपथ ली। सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक विशाल मंच तैयार किया गया था। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
कर्नाटक और तेलंगाना के बाद हाल के समय में केरल, दक्षिण में कांग्रेस शासित तीसरा राज्य बन गया है। स्टेडियम में शपथग्रहण के दौरान हजारों पार्टी कार्यकर्ता, राजनीतिक हस्तियों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई थी। साथ ही इस दौरान बारिश से बचाव के इंतजाम भी किए गए थे। इस कार्यक्रम के लिए तिरुवनंतपुरम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
बड़ी संख्या में VVIP और यूडीएफ समर्थकों के तिरुवनंतपुरम आने के मद्देनजर ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था भी की गई है। राजधानी में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक ट्रैफिक और पार्किंग नियम लागू हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में निर्णायक जीत हासिल की थी। जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (LDF) को सत्ता से बेदखल कर दिया था।
सतीशन के साथ उनके कैबिनेट सहयोगियों ने भी शपथ ली। इनमें से 11 कांग्रेस के हैं। इनमें रमेश चेन्निथला (जो मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे), सन्नी जोसेफ, के. मुरलीधरन, ए.पी. अनिल कुमार, पी.सी. विष्णुनाथ, रोजी एम. जॉन, बिंदु कृष्णा, एम. लिजू, टी. सिद्दीकी, के.ए. तुलसी और ओ.जे. जनीश के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस की सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को कैबिनेट में पांच मंत्री पद मिले हैं। इसके तहत पी.के. कुन्हालीकुट्टी, के.एम. शाजी, वी. अब्दुल गफूर, एन. शमसुद्दीन और पी.के. बशीर ने मंत्री पद की शपथ ली।
इससे अलावा सतीशन कैबिनेट में मॉन्स जोसेफ (केरल कांग्रेस-जोसेफ), शिबू बेबी जॉन (रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी), अनूप जैकब (केरल कांग्रेस-जैकब) और सी.पी. जॉन (कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी) भी शामिल हुए हैं। कैबिनेट के कुल 14 सदस्य नए चेहरे हैं। इस लिस्ट में सी.पी. जॉन और IUML के नेता एन. शमसुद्दीन, के.एम. शाजी, पी.के. बशीर और वी.ई. अब्दुल गफूर शामिल हैं। कांग्रेस के नेता पी.सी. विष्णुनाथ, रोजी एम. जॉन, बिंदु कृष्णा, टी. सिद्दीकी, के.ए. तुलसी और ओ.जे. जनीश भी नए मंत्री बने हैं।