Punjab BJP-SAD Alliance 2027: पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच चुनावी गठबंधन की बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरु नानक जयंती के आसपास गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। हमारे सहयोगी 'न्यूज 18' को सूत्रों ने बताया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी 47 से 48 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। अगर सीटों के बंटवारे का यही फॉर्मूला तय होता है, तो यह बीजेपी के लिए राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव होगा।
दरअसल, अकाली दल के साथ पिछले गठबंधन के दौरान बीजेपी को काफी कम सीटें मिलती थीं। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 94 सीटों पर चुनाव लड़ा था। जबकि बीजेपी के हिस्से में महज 23 सीटें आई थीं। ऐसे में इस बार बीजेपी की सीटों की संख्या दोगुनी से भी ज्यादा हो सकती है। बता दें कि पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटें हैं।
24 साल पुराना गठबंधन टूटने के बाद फिर नजदीकियां
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल तक चला था। हालांकि, 26 सितंबर 2020 को कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए थे। इसके बाद पंजाब में बीजेपी को राजनीतिक तौर पर अपनी जमीन मजबूत करने के लिए अकेले संघर्ष करना पड़ा। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियों के बीच दोबारा गठबंधन की संभावनाएं मजबूत होती दिखाई दे रही हैं। सूत्रों का कहना है कि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की ओर से बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के सामने कई बार गठबंधन का प्रस्ताव रखा गया था। शुरुआत में बीजेपी ने इस पर दूरी बनाए रखी, लेकिन अब बातचीत निर्णायक दौर में पहुंच गई है।
बीजेपी में गठबंधन को लेकर दो फाड़?
हालांकि, न्यूज 18 के मुताबिक अकाली दल के साथ दोबारा गठबंधन करने को लेकर बीजेपी के भीतर सभी नेता एकमत नहीं हैं। भगवा पार्टी के कुछ पुराने नेता इस संभावित समझौते के विरोध में हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने गठबंधन को लेकर अपनी असहमति जाहिर की है। उनका कहना है कि पार्टी में दो तरह की विचारधाराएं हैं।
इसके अलावा कुछ नेता गठबंधन के पक्ष में हैं। जबकि चार-पांच दशकों से पार्टी के साथ जुड़े पुराने नेता इसके खिलाफ हैं। ग्रेवाल ने साफ कहा कि वह पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर बीजेपी के चुनाव लड़ने की तैयारी के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं। लेकिन पंजाब में राष्ट्रवादी विचारधारा का मजबूत होना जरूरी है।
अकाली दल के लिए क्यों जरूरी है बीजेपी का साथ?
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अकाली दल के लिए भी बीजेपी के साथ गठबंधन काफी अहम हो सकता है। पार्टी लंबे समय से पंजाब की सत्ता से बाहर है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में उसकी स्थिति काफी महत्वपूर्ण होगी। बीजेपी से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, अकाली दल सत्ता से बाहर रहने का एक लंबा दौर देख चुका है। उसके लिए अगले पांच साल भी विपक्ष में रहना राजनीतिक रूप से मुश्किल हो सकता है। यही वजह है कि पार्टी दोबारा गठबंधन की कोशिश कर रही है। दूसरी तरफ, बीजेपी भी पंजाब में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने के लिए इस गठबंधन को एक अवसर के रूप में देख रही है।
17 नवंबर को पंजाब पहुंचेंगे केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल
गठबंधन की बातचीत के बीच केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के 17 नवंबर को पंजाब पहुंचने की संभावना है। यहां वह कई बैठकों में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद गठबंधन को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।
अमित शाह ने भी दिए थे गठबंधन के संकेत?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार के कार्यकाल में नशे का कारोबार बढ़ा है। इसलिए राज्य के लोगों ने 2027 में NDA की सरकार बनाने का फैसला कर लिया है। अमित शाह के इस बयान को पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के संभावित गठबंधन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। अगर दोनों साधी फिर साथ आते हैं तो 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।