Aamir Khan: CRE मैट्रिक्स द्वारा हासिल किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार अभिनेता आमिर खान ने मुंबई के सांताक्रूज (पश्चिम) में 'सीजन्स त्रिमूर्ति' (Seasons Trimurti) में तीन लग्जरी रेजिडेंशियल अपार्टमेंट किराए पर लिए हैं। इसके लिए वे चार साल तक हर महीने कुल 38 लाख रुपये का किराया देंगे।
'सीजन्स एवेन्यूज प्रॉपर्टीज' और आमिर हुसैन खान के बीच हुए 'लीव एंड लाइसेंस' (किराया) समझौते में 14वीं, 12वीं और 11वीं मंजिल पर स्थित तीन अपार्टमेंट शामिल हैं। इनका क्षेत्रफल क्रमश 6,200 वर्ग फुट, 3,000 वर्ग फुट और 3,000 वर्ग फुट है। इन तीनों अपार्टमेंट का कुल कार्पेट एरिया 12,200 वर्ग फुट है और ये सांताक्रूज (पश्चिम) के नॉर्थ एवेन्यू में स्थित हैं।
सबसे बड़े अपार्टमेंट का मासिक किराया 20 लाख रुपये है, जबकि बाकी दो अपार्टमेंट में से प्रत्येक का किराया 9 लाख रुपये प्रति माह है। इस तरह कुल मासिक किराया 38 लाख रुपये बनता है। दस्तावेजों के अनुसार- हर अपार्टमेंट के साथ तीन कार पार्किंग की जगह मिलती है, जिससे कुल पार्किंग की संख्या 9 हो जाती है।
यह समझौता 48 महीने का है, जो 1 जनवरी 2027 से शुरू होकर 31 दिसंबर 2030 को खत्म होगा। किराए में हर साल 5% की बढ़ोतरी होगी। कुल सिक्योरिटी डिपॉजिट 38 लाख रुपये है, जो एक महीने के किराए के बराबर है। 'लीव एंड लाइसेंस' समझौते के मुताबिक शुरुआती मासिक किराए के हिसाब से सालाना खर्च 4.56 करोड़ रुपये बैठता है।
मासिक किराए में ही सोसाइटी का मेंटेनेंस, पानी का खर्च और मौजूदा व भविष्य के प्रॉपर्टी और म्युनिसिपल टैक्स शामिल हैं, जिनका भुगतान मकान मालिक (लाइसेंसर) करेंगे। समझौते के तहत किराएदार को अपार्टमेंट में कोई भी स्ट्रक्चरल बदलाव करने या कोई स्थायी निर्माण करने की मनाही है।
पाली हिल में आमिर खान का पिछला रेंटल एग्रीमेंट
साल 2025 में खान ने मुंबई के पाली हिल इलाके में चार अपार्टमेंट किराए पर लिए थे, जिनका कुल मासिक किराया 24.5 लाख रुपये था। ये अपार्टमेंट नरगिस दत्त रोड पर स्थित 'विलनोमोना अपार्टमेंट्स' (Wilnomona Apartments) में हैं। मई 2025 में रजिस्टर की गई यह पांच साल की लीज मई 2030 तक चलेगी और इसमें 45 महीने का लॉक-इन पीरियड है। बताया गया है कि सिक्योरिटी डिपॉजिट ₹1.46 करोड़ से अधिक है और हर साल किराए में 5% की बढ़ोतरी होगी।
2025 में पाली हिल में किराए के मकान में जाने का खान का फैसला बांद्रा स्थित 'वर्गो कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी' के पुनर्विकास (रीडेवलपमेंट) से जुड़ा है। बताया जाता है कि वहां उनके पास लगभग 12 अपार्टमेंट हैं। इस पुनर्विकास का काम 'एटमॉस्फियर रियल्टी' कर रही है, जो वाधवा ग्रुप, मान इंफ्राकंस्ट्रक्शन और चांडक ग्रुप का जॉइंट वेंचर है।
'हिंदुस्तान टाइम्स रियल एस्टेट' की एक पुरानी रिपोर्ट के अनुसार पाली हिल की यह किराए की प्रॉपर्टी शाहरुख खान के अस्थायी आवास से लगभग 750 मीटर दूर है। अभिनेता अभी यहीं रह रहे हैं, क्योंकि उनके मशहूर बंगले 'मन्नत' का नवीनीकरण (रेनोवेशन) चल रहा है।
मुंबई में आमिर खान का प्रॉपर्टी निवेश
खान ने पाली हिल में भी प्रॉपर्टी खरीदी है। 'स्क्वायर यार्ड्स' द्वारा देखे और विश्लेषण किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार जून 2024 में उन्होंने 'बेला विस्टा अपार्टमेंट्स' में 1,027 वर्ग फुट का एक अपार्टमेंट 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा। इस सौदे पर 58.5 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी और 30,000 रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस लगी।
'वर्गो कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी' और 'विलनोमोना अपार्टमेंट्स' के अलावा बताया जाता है कि खान के पास 'हिल व्यू', 'बेला विस्टा' और 'मरीना अपार्टमेंट्स' में भी घर हैं। इसके साथ ही बांद्रा में उनके पास समुद्र के सामने (सी-फेसिंग) एक घर भी है।
मुंबई से दूर महाराष्ट्र के एक लोकप्रिय हिल स्टेशन पंचगनी में भी खान का एक फार्महाउस है। लगभग दो एकड़ में फैली इस प्रॉपर्टी की कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई जाती है, जिसका इस्तेमाल वे निजी तौर पर आराम करने या छुट्टियां बिताने के लिए करते हैं।