Aamir Khan-Gauri Spratt: बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी करने जा रहे हैं। राजकुमार हिरानी की फिल्म 'प्रीतम एंड पेड्रो' की स्क्रीनिंग के दौरान मीडिया से बात करते हुए एक्टर ने शादी की पुष्टि की और बताया कि यह समारोह एक निजी कार्यक्रम होगा, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।
मीडिया से बातचीत के दौरान आमिर ने कहा, "हां मेरी शादी हो रही है 5 जुलाई को और बहुत ही छोटी शादी है, घर में ही कर रहे हैं। 5 को बहुत ही खास दिन हैं हमारे लिए और बस दोनों परिवार हैं, कुछ खास दोस्त हैं, छोटा सा घर पे ही कर रहे हैं हम लोग। " दुआएं चाहेंगे हम।"
एक्टर ने आगे कहा, "कृपया हमें अपना आशीर्वाद दें और प्रार्थना करें कि हम खुश रहें और हमारी साथ की जर्नी शानदार हो। यह घर पर ही होने वाला एक बहुत छोटा और निजी कार्यक्रम होगा, जिसमें सिर्फ़ हमारे परिवार वाले और बचपन के कुछ पुराने दोस्त शामिल होंगे।"
यह आमिर की तीसरी शादी होगी। एक्टर ने सबसे पहले 1986 में रीना दत्ता से शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं - जुनैद खान और इरा खान। हालांकि, 2002 में वे अलग हो गए। बाद में आमिर को फिल्ममेकर किरण राव से प्यार हुआ और उन्होंने 2005 में उनसे शादी की। शादी के 16 साल बाद, 2021 में दोनों ने अलग होने की घोषणा की और वे अपने बेटे, आज़ाद राव खान की मिलकर परवरिश कर रहे हैं।
आमिर और गौरी की मुलाकात करीब 25 साल पहले हुई थी, लेकिन बाद में उनका संपर्क टूट गया। वे फिर से जुड़े और उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। एक्टर ने अपने 60वें जन्मदिन के जश्न के दौरान गौरी को अपनी गर्लफ्रेंड के तौर पर सबके सामने पेश किया। गौरी एक छोटे बेटे की मां भी हैं। इस जोड़े ने साथ में कुछ बार पब्लिक अपीयरेंस दी है, लेकिन वे ज़्यादातर अपने रिश्ते को लाइमलाइट से दूर ही रखते हैं।
नवभारत टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में गौरी के बारे में बात करते हुए आमिर ने कहा, “मैं बहुत खुशनसीब हूं कि मेरी मुलाकात गौरी से हुई और हमारा रिश्ता शुरू हुआ। वह बहुत अच्छी हैं, उनके साथ मुझे सुकून मिलता है। हालांकि किरण राव और रीना दत्ता (मेरी पूर्व पत्नियों) के साथ भी मेरे रिश्ते बहुत गहरे थे, लेकिन बात नहीं बनी। जब आपने पूछा, तो मुझे लगा कि गौरी का मेरे जीवन में आना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। हम साथ में बहुत खुश हैं। मुझे लगता है अब जाकर मैं पूरा हो गया हूं।”