'Aashiqui' स्टार राहुल रॉय का ट्रोल्स को करारा जवाब, "मैं लावारिस नहीं हूं, अपनी मर्जी से सादगी भरा जीवन जी रहा हूं"

Rahul Roy: 'आशिकी' फेम राहुल रॉय ने सोशल मीडिया पर खुद को 'लावारिस' बताने वाले वीडियो को फर्जी करार देते हुए कहा कि वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सादगी से जीना और ऑटो में सफर करना उनकी निजी पसंद है, इसे उनकी बेबसी न समझा जाए।

अपडेटेड May 03, 2026 पर 9:30 PM

90 के दशक की सुपरहिट फिल्म 'आशिकी' से रातों-रात सुपरस्टार बने राहुल रॉय पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। हाल ही में उनके कुछ वीडियो सामने आए थे, जिन्हें देखकर उनके फैंस काफी चिंतित हो गए थे और कई लोगों ने उन्हें ट्रोल करना भी शुरू कर दिया था। अब इन सब बातों पर चुप्पी तोड़ते हुए राहुल रॉय ने एक इमोशनल और कड़ा संदेश जारी किया है।

"मैं लावारिस नहीं, मेरा परिवार मेरे साथ है"

राहुल रॉय ने इंस्टाग्राम पर अपनी बहन प्रियंका रॉय और जीजा रोमीर सेन के साथ तस्वीरें साझा करते हुए उन लोगों को करारा जवाब दिया है जो उन्हें 'लावारिस' बता रहे थे। राहुल ने साफ कहा, "यह उन सभी नफरत फैलाने वालों और फर्जी वीडियो बनाने वालों के लिए है मैं सुरक्षित हूं और मेरी बहन प्रियंका और जीजा रोमीर मेरा बहुत अच्छे से ख्याल रख रहे हैं।"

उन्होंने आगे बताया कि वह अपनी बहन के साथ मढ़ (मुंबई) स्थित एक बेहद खूबसूरत घर में रहते हैं और उनके पास खाने-पीने, कपड़े, जूते और गाड़ी जैसी हर सुख-सुविधा मौजूद है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके परिवार की शांति भंग न करें, क्योंकि वही उनके सबसे करीबी और एकमात्र सहारा हैं।


सादगी को कमजोरी न समझें

सोशल मीडिया पर राहुल के कुछ वीडियो वायरल हुए थे जिसमें वह एक छोटे कंटेंट क्रिएटर के साथ ऑटो में सफर करते या साधारण कपड़ों में नजर आ रहे थे। इस पर सफाई देते हुए राहुल ने कहा, "मेरा सादे कपड़े पहनना और बिना बॉडीगार्ड के घूमना मेरी अपनी पसंद है। अगर मैं कभी ऑटो से सफर करता हूं, तो वह इसलिए क्योंकि वह आसान और तेज होता है।"

उन्होंने उन रील (Reels) के बारे में भी बात की जिनकी वजह से विवाद शुरू हुआ। राहुल ने कहा कि उन्होंने वे वीडियो सादगी के साथ किए थे, किसी चालाकी या मदद के लिए नहीं। उनके लिए काम छोटा या बड़ा नहीं होता, वह बस खुद को व्यस्त रखना चाहते हैं।

"काम के लिए लंबा इंतजार किया, पर अब और नहीं"

राहुल रॉय ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि उन्होंने काफी समय तक अच्छे काम (फिल्मों) का इंतजार किया, लेकिन जब काम नहीं मिला तो उन्होंने हार मानने के बजाय जो भी काम मिला उसे करना शुरू कर दिया। उन्होंने साफ कहा, "मैं खाली बैठकर खुद को बर्बाद नहीं कर सकता।"

साथ ही, उन्होंने फैंस को चेतावनी दी कि अगर कोई उनके नाम पर आर्थिक मदद मांगता है या दावा करता है कि वह राहुल की मदद कर रहा है, तो उस पर बिल्कुल यकीन न करें। उन्होंने कहा कि जब भी कोई अच्छी फिल्म मिलेगी, वह पर्दे पर जरूर वापसी करेंगे।

एक नजर राहुल रॉय के सफर पर

1990 में 'आशिकी' से करियर की शुरुआत करने वाले राहुल रॉय 'बिग बॉस' के पहले सीजन के विजेता भी रह चुके हैं। साल 2020 में कारगिल में शूटिंग के दौरान उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद वह काफी समय तक अस्पताल में रहे। हालांकि, अब वह पूरी तरह ठीक हैं और अपने जीवन के फैसले खुद ले रहे हैं। राहुल का यह संदेश उन लोगों के लिए एक आईना है जो सोशल मीडिया पर बिना सच्चाई जाने किसी के भी बारे में गलत धारणा बना लेते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।