Ajay Devgn: 'दृश्यम द कन्क्लूजन' की सफलता का आनंद ले रहे अजय देवगन ने अपने अगले प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अजय देवगन 2027 में भी इसी समय के आसपास एक और फिल्म रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए उन्होंने अपनी अगली फिल्म 'चौहान' पर काम शुरू कर दिया है।
बॉलीवुड हंगामा के अनुसार देवगन 'चौहान' की शूटिंग के लिए लद्दाख पहुंच गए हैं। एक सूत्र ने पोर्टल को बताया- अजय देवगन कारगिल में 'चौहान' की शूटिंग कर रहे हैं। वह कुछ दिन पहले यहां पहुंचे थे और शूटिंग शुरू कर चुके हैं। इस खूबसूरत शहर में कुछ अहम सीन शूट किए जाएंगे। मेकर्स ने पहले ही जरूरी मंजूरी ले ली थी और शूटिंग आसानी से हो इसके लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।"
सूत्र ने आगे कहा- "कारगिल में काफी ठंड है और मौसम निश्चित रूप से चौहान के सीन्स में एक असलीपन का अहसास कराएगा।" अजय दशकों बाद लद्दाख में शूटिंग कर रहे हैं। इससे पहले अभिनेता ने 2003 में जे.पी. दत्ता की वॉर फिल्म 'एलओसी कारगिल' के लिए इस केंद्र शासित प्रदेश में शूटिंग की थी।
जून में रिलीज हुए 'चौहान' के टीजर में अजय देवगन एक दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। वे पूरी तरह से काले कपड़ों (ऑल-ब्लैक लुक) में दिख रहे हैं और बैकग्राउंड में मशहूर गाना 'जुम्मा चुम्मा दे दे' बज रहा है। टीजर का अंत एक असरदार डायलॉग के साथ होता है- "पठान से कह देना, चौहान आ रहा है।" इस डायलॉग ने फैन्स के बीच उत्साह बढ़ा दिया है और ऑनलाइन भी खूब ध्यान खींचा है।
'चौहान' का निर्देशन नीरज यादव कर रहे हैं और इसे ज्योति देशपांडे, आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने जियो स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले मिलकर प्रोड्यूस किया है। अजय देवगन की मुख्य भूमिका वाली यह एक्शन-ड्रामा फिल्म 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अजय देवगन की 'दृश्यम' के बारे में
'दृश्यम 3' ने अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की है। 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' की एडवांस बुकिंग 27 सितंबर को शुरू हुई थी और फिल्म ने रिलीज से पहले ही 27 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। ओपनिंग डे पर इसने पूरे भारत में 66.75 करोड़ रुपये (नेट) कमाए, जो किसी हिंदी फ़िल्म के लिए तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग थी। फिल्म ने शनिवार को 53.50 करोड़ रुपये कमाए और रविवार को यह आंकड़ा बढ़कर 61 करोड़ रुपये हो गया। सैकनिल्क (Sacnilk) के ताजा अपडेट के अनुसार, फ़िल्म ने गुरुवार को 13 करोड़ रुपये कमाए, जिससे भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 245.50 करोड़ रुपये हो गया।