Ajay Devgn: जब कॉमेडियन कपिल शर्मा ने गोवा के साथ अजय देवगन के लंबे जुड़ाव को लेकर उनकी टांग खिंचाई करने की कोशिश की तो अजय ने बाजी को पूरा पलट दिया। हाल ही में एक्टर ने 'दृश्यम द कन्क्लूजन' को प्रमोट करने के लिए श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव के साथ 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के सीजन 5 में हिस्सा लिया।
बातचीत के दौरान कपिल ने बताया कि कैसे अजय की फिल्मों में बार-बार गोवा का जिक्र आया है - 'गोलमाल' और 'सिंघम' से लेकर 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी तक। अजय का गोवा के प्रति लगाव को लेकर शुरू हुआ मजाक जल्द ही कपिल की तरफ मुड़ गया, जब एक्टर ने कॉमेडियन के शराब से जुड़े पुराने अनुभव का जिक्र किया।
कपिल शर्मा ने अजय देवगन के गोवा कनेक्शन पर लिए मजे
कपिल ने कहा कि अजय की कई मशहूर फिल्मों की शूटिंग गोवा में हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि 'दृश्यम द कंक्लूजन' का ट्रेलर भी गोवा में ही लॉन्च किया गया था। कपिल ने कहा, "अजय देवगन की गोलमाल, सिंघम, दृश्यम - इन सबकी शूटिंग गोवा में हुई है। असल में 'दृश्यम द कंक्लूजन' का ट्रेलर भी गोवा में ही रिलीज किया गया था।"
फिर उन्होंने मजाक में पूछा कि क्या अजय को सच में गोवा खूबसूरत लगता है या उन्हें बस ऐसी जगह पसंद है जो फेनी और सस्ते सीफ़ूड के लिए मशहूर है। कपिल ने कहा कि कुछ लोगों का यह सवाल है - यह मेरा सवाल नहीं है - कि क्या आपको सच में गोवा खूबसूरत लगता है, या आपको लगता है कि कहीं और इतनी अच्छी फेनी नहीं मिलती या वहां पॉम्फ्रेट मछली सस्ती मिलती है? क्या वजह है?"
अजय ने छोटा सा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "गोवा बहुत सुकून देने वाली जगह है और मैं फेनी नहीं पीता।"
अजय देवगन ने कपिल की खींची टांग
कपिल फेनी वाले मजाक को यहीं खत्म नहीं करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि भले ही अजय खुद फेनी न पीते हों, लेकिन वे किसी और के लिए तो ला ही सकते हैं। तभी अजय ने कपिल को उनके अतीत की याद दिलाई। अजय ने मजाक में कहा, "याद रखना तुम्हारी जिंदगी में फेनी ने पहले ही बहुत गड़बड़ की है।" कपिल ने तुरंत साफ किया, "मैं फेनी नहीं पीता।
इसके बाद अर्चना पूरन सिंह भी बातचीत में शामिल हुईं और कपिल को और छेड़ने लगीं। उन्होंने मजाक में कहा, "तुम्हें मुफ्त में कुछ भी मिल जाए तो तुम पी लोगे।" बाद में कपिल ने गोवा वाली बात जारी रखी और कहा कि अजय किस्मत वाले हैं कि उन्हें ऐसी जगह घूमने के पैसे मिलते हैं, जहां आम टूरिस्ट अक्सर बहुत ज़्यादा पैसे खर्च कर देते हैं।
उन्होंने यह भी मजाक किया कि गोवा अपने बीच और किलों के लिए मशहूर है, लेकिन 'दृश्यम' ने वहां की पाव भाजी को भी यादगार बना दिया। अजय का मजाक कपिल शर्मा के शराब पीने से जुड़े पुराने कमेंट्स पर था।
अपने 2022 के स्टैंड-अप स्पेशल 'आई एम नॉट डन येट' में कपिल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिना सोचे-समझे किए गए ट्वीट से पहले शराब पीने के बारे में बताया था। कपिल ने ट्वीट किया था "क्या ये आपके अच्छे दिन हैं? @NARENDRAMODI", और बाद में स्टैंड-अप स्पेशल में उस ट्वीट के बाद हुई आलोचना पर मजाक भी किया था।
दृश्यम: द कन्क्लूजन कब रिलीज होगी
'दृश्यम द कन्क्लूजन' इस फेरैंचाइजी की आखिरी फिल्म है। अजय देवगन, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव के साथ वापसी कर रहे हैं। फिल्म में जयदीप अहलावत भी नजर आएंगे। 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर, 2026 को रिलीज हो रही है।