Raakh Trailer watch: 'राख' का ज़बरदस्त ट्रेलर रिलीज, रोंगटे खड़े कर देने वाली इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर इस दिन देगी दस्तक

Raakh Trailer watch: प्राइम वीडियो ने 'राख' का ज़बरदस्त ट्रेलर रिलीज कर दिया है। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर में अली फज़ल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर भूमिका में नज़र आने वाले हैं।

अपडेटेड Jun 01, 2026 पर 2:52 PM
Story continues below Advertisement
ट्रेलर में ऐसे बेरहम और खौफनाक जुर्म की झलक दिखाई गई है, जो न सिर्फ पीड़ितों के परिवारों को पूरी तरह तोड़कर रख देता है, बल्कि इंसान के भीतर छिपी नफरत और हैवानियत के डरावने चेहरे को भी सामने लाता है।

Raakh Trailer watch: प्राइम वीडियो ने आज अपनी आने वाली प्राइम ऑरिजिनल इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर सीरीज़, राख का रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर रिलीज़ किया। एक काल्पनिक कहानी पर बनी इस सीरीज़ के डायरेक्टर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर प्रोसित रॉय हैं, जबकि इसे अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने मिलकर बनाया, लिखा और सह-निर्देशित किया है, तथा इसके संवाद आयुष त्रिवेदी ने लिखे हैं।

ट्रेलर में ऐसे बेरहम और खौफनाक जुर्म की झलक दिखाई गई है, जो न सिर्फ पीड़ितों के परिवारों को पूरी तरह तोड़कर रख देता है, बल्कि इंसान के भीतर छिपी नफरत और हैवानियत के डरावने चेहरे को भी सामने लाता है, जो हमारे समाज में मौजूद हैं। इस सीरीज़ में सोनाली बेंद्रे, अली फज़ल, और आमिर बशीर ने मुख्य किरदार निभाए हैं, जबकि आकाश मखीजा, रमनदीप यादव, दिव्या शर्मा, विवान शर्मा, अंशुल चौहान, राकेश बेदी, और दिब्येंदु भट्टाचार्य भी अहम भूमिकाओं में नज़र आने वाले हैं। भारत में 12 जून को सिर्फ प्राइम वीडियो पर राख के प्रीमियर का आनंद ले सकते हैं।

राख के इस झकझोर देने वाले ट्रेलर की शुरुआत एक ऐसे सवाल से होती जिसे कोई भी मां-बाप कभी सुनना नहीं चाहेगा- "बच्चे कब से गायब हैं?" ये कहानी 1970 के दशक के आखिरी सालों की दिल्ली की है, जब हर मां-बाप को यही लगता था कि सूरज डूबने के बाद भी उनके बच्चे अकेले बाहर निकलने के लिए पूरी तरह महफूज हैं, लेकिन एक चौंकाने वाले जुर्म ने पूरे देश के इस भरोसे को तोड़ दिया। ट्रेलर के दिल दहला देने वाले और माहौल को गंभीर बनाने वाले दृश्य, एक मां-बाप के अपने बच्चों को ढूंढ निकालने की हताश उम्मीद को बयां करते हैं। इस घिनौने जुर्म को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए, सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश— जिसका किरदार अली फज़ल ने बखूबी निभाया है — एक ज़ोरदार तलाशी अभियान शुरू करते हैं। यह अभियान उन्हें उन मुजरिमों की बीमार मानसिकता के ऐसे दलदल में खींच ले जाती है, जहाँ इंसान के जमीर का कोई नामोनिशान नहीं, और फिर इंसान की बुराई का सबसे भयानक चेहरा सामने आता है।


इस सीरीज़ में सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश का किरदार निभाने वाले अली फज़ल ने कहा , “जब पहली बार राख के लिए मुझसे संपर्क किया गया, तो मुझे लगा कि ये भी कोई आम इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर होगी, लेकिन स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद मैं इसकी तरफ खिंचा चला गया। अनुषा, संदीप और प्रोसित ने मिलकर एक ऐसी कहानी तैयार की है जो कई परतों वाली, जज्बातों से भरी और असल जिंदगी की कड़वी सच्चाई के बेहद करीब है।

इस सीरीज़ में मोना अरोड़ा का किरदार निभाने वाली अदाकारा, सोनाली बेंद्रे ने कहा , ‘राख’ की कहानी उस वक्त मेरे पास आई, जब मैं इस बात को लेकर काफी सजग हो गई थी कि मुझे किस तरह की कहानियों का हिस्सा बनना है। कई परतों वाली और जज्बातों के स्तर पर काफी गहरी ये कहानी मुझे सच में बहुत पसंद आई। वैसे तो ये कहानी एक सस्पेंस थ्रिलर की तरह आगे बढ़ती है, पर असल में यह इंसान के जज्बातों को भी बड़ी संजीदगी से सामने लाती है।

इस सीरीज़ में लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक अरोड़ा का किरदार निभाने वाले अभिनेता आमिर बशीर ने कहा , "मेरे लिए तो 'राख' सिर्फ़ एक इन्वेस्टिगेटिव क्राइम ड्रामा नहीं है। यह कई परतों में बुनी एक ऐसी कहानी है जो आपको पहले ही सीन से अपनी तरफ खींच लेती है। मेरे इस किरदार की सबसे खास और मुश्किल बात यही है कि यह एक ऐसे इंसान की कहानी है जिसकी जिंदगी हमेशा कायदे-कानून और नियमों से बंधी रही है, लेकिन उसे ऐसे गहरे दुख और उथल-पुथल से गुज़रना पड़ता है, जिसके लिए कोई भी इंसान कभी तैयार नहीं हो सकता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।