BB 20 Final List: मैरीकॉम, आम्रपाली से लेकर पंचायत के 'दामाद जी' तक... जानें इस बार बिग बॉस के घर का कौन-कौन बढ़ाएगा पारा
BB 20 Final List of contestants: ‘बिग बॉस 20’ का धमाकेदार आगाज हो चुका है। सलमान खान ने एक बार फिर शो की मेजबानी संभाल ली है। ग्रैंड प्रीमियर में सलमान अपने काउबॉय लुक और डांस से छा गए। जानें शो के नए सीजन में कौन-कौन से कंटेस्टेंट्स शामिल हुए हैं
Bigg Boss 20: आइए जानते हैं इस बार बिग बॉस के घर में कौन-कौन से कंटेस्टेंट्स शामिल हुए हैं
Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 का आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ के होस्ट के रूप में एक बार फिर शो में वापसी की है। प्रीमियर एपिसोड में ही कंटेस्टेंट्स की एंट्री के साथ माहौल काफी रोमांचक नजर आया। शो के ग्रैंड प्रीमियर में सलमान खान काउबॉय लुक में नजर आए और उन्होंने अपने डांस से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। फैंस बेसब्री से इस सीजन का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, शो में शामिल होने वाले सभी कंटेस्टेंट्स की फाइनल लिस्ट भी सामने आ गई है। आइए जानते हैं इस बार बिग बॉस के घर में कौन-कौन से कंटेस्टेंट्स शामिल होने वाले हैं।
कनिका मान
‘बिग बॉस 20’ में सबसे पहले कनिका मान ने एंट्री ली। सलमान ने पानीपत की कनिका के काम की तारीफ की और बताया कि उनकी मां सलमा खान भी कनिका की फैन हैं। इसके बाद कनिका ने बिग बॉस के घर में कदम रखा और घर का जायजा लिया। बिग बॉस ने उन्हें कन्फेशन रूम में बुलाकर एक खास जिम्मेदारी दी। कनिका को ‘पपेट मास्टर’ बनाया गया है, जिसके तहत उन्हें घर में आने वाले कंटेस्टेंट्स पर एक खास ताकत इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।
आसिफ खान
बिग बॉस 20 के घर में दूसरे प्रतियोगी के तौर पर अभिनेता आसिफ खान ने एंट्री ली। आसिफ खान को वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ और 'पंचायत' सीरीज से पहचान मिली थी। शो में सलमान खान ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आसिफ ने बताया कि वह फिल्म ‘रेडी’ में सलमान खान के साथ जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम कर चुके हैं। अपनी जिंदगी के इस सफर को याद करते हुए आसिफ भावुक हो गए और उन्होंने अपनी मां के लिए भी खास संदेश दिया।
काजी अबरार
बिग बॉस 20 के घर में तीसरे कंटेस्टेंट के तौर पर सिंगर काजी अबरार ने कदम रखा। उन्हें ‘अफगान जलेबी’ गाने के लिए जाना जाता है। शो में सलमान खान ने काजी का स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने बताया कि कई साल पहले कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में वह सलमान के साथ मंच शेयर कर चुके हैं। घर में एंट्री के बाद काजी काफी उत्साहित नजर आए और लगातार अपनी बात रखते रहे।
ईशा रिखी
बिग बॉस 20 में पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी ने चौथी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली। शो में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और पति से अलगाव को लेकर खुलकर बात की। ईशा ने बिना नाम लिए बताया कि वह कभी अपने पति को हरे-भरे जंगल की तरह समझती थीं, लेकिन समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि इस रिश्ते में उनकी खुद की पहचान कहीं पीछे छूट रही है। इस बारे में बात करते हुए वह भावुक भी हो गईं। सलमान खान ने जब उनसे पति का नाम बताने के बारे में पूछा तो ईशा ने साफ कहा कि वह उनका नाम नहीं लेंगी, क्योंकि वह उनकी जिंदगी का बीता हुआ हिस्सा है।
आम्रपाली दुबे
बिग बॉस 20 के घर में भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने पांचवीं कंटेस्टेंट के रूप में एंट्री की। शो में पहुंचकर उन्होंने सलमान खान से बातचीत की और कहा कि वह यहां दर्शकों को अपना नया और बदला हुआ अंदाज दिखाने के लिए तैयार हैं। आम्रपाली के स्वागत के लिए भोजपुरी अभिनेता निरहुआ भी शो में पहुंचे।
रोहेड खान
बिग बॉस 20 में ऑस्ट्रिया के अभिनेता और मॉडल रोहेड खान ने भी बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली। रोहेड इससे पहले सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ में उनके साथ नजर आ चुके हैं। वह बॉलीवुड के अलावा यूरोप और इंटरनेशनल सिनेमा में भी काम कर चुके हैं। ऑस्ट्रिया में जन्मे रोहेड जर्मन, अंग्रेजी, दारी, फारसी और हिंदी भाषाएं बोलते हैं।
लव गिल और मैरी कॉम
बिग बॉस 20 में पंजाबी अभिनेत्री लव गिल और पूर्व बॉक्सर मैरी कॉम ने भी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की। शो में मैरी कॉम नीली ड्रेस में नजर आईं और उन्होंने सलमान खान के साथ बातचीत करते हुए अपनी पहली मुलाकात का किस्सा साझा किया। इस दौरान सलमान ने उनके लिए अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का एक खास संदेश भी सुनाया। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा फिल्म ‘मैरी कॉम’ में बॉक्सर मैरी कॉम का किरदार निभा चुकी हैं।
रैपर युंग DSA
बिग बॉस 20 में 22 साल के रैपर युंग DSA ने भी एंट्री ली। सलमान खान से बातचीत के दौरान युंग ने बताया कि वह यरवदा से आते हैं। यह सुनकर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मुझे ऐसे मत डरा।” इसके बाद सलमान ने युंग से पूछा कि क्या उनका किसी गैंग से कोई संबंध है। रैपर ने साफ किया कि वह किसी भी गैंग का हिस्सा नहीं हैं।
स्काउट
बिग बॉस 20 में गेमिंग की दुनिया के मशहूर चेहरा स्काउट ने भी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली। सलमान खान ने उनका परिचय कराते हुए उनसे उनके नाम से जुड़ी कहानी पूछी। स्काउट का असली नाम तन्मय है और सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है, इंस्टाग्राम पर उन्हें 4.4 मिलियन लोग फॉलो करते हैं।
सैय्यद अरिश्फा खान
सोशल मीडिया स्टार सैय्यद अरिश्फा खान ने भी कदम रखा। शो में सलमान खान से बातचीत के दौरान अरिश्फा ने बताया कि सोशल मीडिया पर उनके 29 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनकी इतनी बड़ी फैन फॉलोइंग सुनकर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें भी अरिश्फा से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल करने का तरीका सीखना चाहिए। दोनों के बीच इस बातचीत ने शो में हल्का-फुल्का माहौल बना दिया।
अमन गांधी
टीवी अभिनेता अमन गांधी ने भी बिग बॉस 20 के घर में कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की। सलमान खान ने उनका परिचय कराते हुए उन्हें टीवी का जाना-पहचाना और सफल चेहरा बताया। अमन को मशहूर धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में रितिक विरानी के किरदार से खास पहचान मिली थी। अब बिग बॉस के घर में उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए एक नया अनुभव होने वाली है।
उदिति सिंह
अभिनेत्री उदिति सिंह ने भी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की। उदिति ने बताया कि लोग अक्सर उनकी तुलना बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर से करते हैं, इसी बात पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में उन्हें ‘करीना’ कहकर बुलाया। उदिति इससे पहले हिमेश रेशमिया के साथ ‘सुरूर’ में भी नजर आ चुकी हैं।
ऋति तिवारी
बिग बॉस 20 में ऋति तिवारी ने कंटेस्टेंट के तौर पर घर में कदम रखा। उनकी एंट्री के दौरान उनके पिता और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी भी शो में पहुंचे और अपने मशहूर गाने ‘रिंकिया के पापा’ पर परफॉर्म किया। सलमान खान ने मनोज से मजाक में पूछा कि क्या वह खुद भी इस बार बिग बॉस का हिस्सा बनने वाले हैं, जिस पर उन्होंने बताया कि वह सिर्फ अपनी बेटी को घर तक छोड़ने आए हैं। इसके बाद मनोज ने अपनी पहली शादी से हुई बेटी ऋति का स्वागत किया। वहीं, सलमान ने ऋति से मजाक करते हुए कहा कि वह घर में अंडे को लेकर कोई हंगामा न करें।
माही विज
बिग बॉस 20 के ग्रैंड प्रीमियर में अभिनेत्री माही विज ने आखिरी कंटेस्टेंट के तौर पर घर में कदम रखा। उन्होंने ‘छलिया’ गाने पर डांस करते हुए शो में एंट्री की। माही इससे पहले ‘मेहर’ में नजर आ चुकी हैं और हाल ही में पति जय भानुशाली से तलाक की खबरों को लेकर भी चर्चा में थीं।