Ayushmann Khurrana: 'वे आपको कब तक बचाएंगे?' बिश्नोई गैंग के सदस्य ने ऑडियो मैसेज में आयुष्मान खुराना को दी धमकी

Ayushmann Khurrana: आयुष्मान खुराना को बिश्नोई गैंग के एक सदस्य से धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि उनकी सुरक्षा उन्हें लंबे समय तक नहीं बचा पाएगी।

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 5:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार आरोपी पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाली कई फिल्मी हस्तियों को धमकी दे रहा था।

Ayushmann Khurrana: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य से धमकी भरा मैसेज मिला है। इसमें कहा गया है कि पुलिस उन्हें बहुत लंबे समय तक सुरक्षा नहीं दे पाएगी। मुंबई पुलिस के एक सूत्र ने इस ऑडियो मैसेज का कंटेंट साझा किया है, जिसमें अनिल पंडित नाम का एक व्यक्ति अभिनेता को धमकी देता हुआ सुनाई दे रहा है।

ऑडियो मैसेज में अनिल पंडित कहता है- "मैं अनिल पंडित बोल रहा हूx, लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई। मैंने आपको कॉल किया था, लेकिन आपने फोन नहीं उठाया और कॉल काट दिया। कोई बात नहीं हमें बस आप तक एक मैसेज पहुंचाना है, कृपया हमसे बात करें। अगर आप कोई मामला सुलझाना चाहते हैं तो आगे बढ़ें।

लेकिन अगर आप इस तरह का रवैया दिखाएंगे तो आपके साथ भी वही हो सकता है, जो टाइगर श्रॉफ के साथ हुआ था। हमें यह भी पता है कि चंडीगढ़ में आपका घर कहां है और यह भी मालूम है कि आप यहां कहां रुके हुए हैं। हमें आपकी बाइक का नंबर भी मिल गया है। हमने उस नंबर पर भी कॉल किया था, लेकिन वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला।


देखिए हमें बस आपसे एक बार बात करनी है। आप बात कर लीजिए, उसके बाद हम आपको ज्यादा परेशान नहीं करेंगे। अगर आप बात करने के लिए तैयार हैं तो हमें कोई दिक्कत नहीं है। हमने आपको सिर्फ बात करने के लिए कॉल किया था।"

उसने आगे कहा- "हमारा संदेश सुनने के बाद कृपया हमें वापस कॉल करें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो हम समझ जाएंगे कि आप कोई दूसरा रास्ता चुनना चाहते हैं और पुलिस के पास जाना चाहते हैं। आप पुलिस के पास जा सकते हैं, हमें इससे कोई दिक्कत नहीं है। जिन लोगों ने आपको सुरक्षा दी है वे कब तक आपकी रक्षा कर पाएंगे?

हमसे दूर रहने के लिए आपको हर दिन किस्मत का साथ चाहिए, जबकि हमें आपको नुकसान पहुंचाने के लिए बस एक दिन की अच्छी किस्मत चाहिए। आप, आपके परिवार का कोई सदस्य, या जो कोई भी हमारे हाथ लग जाएगा, हम उसे खत्म कर देंगे। इसलिए बेहतर होगा कि आप हमसे बात करें और बातचीत के जरिए मामला सुलझा लें। हम आपके कॉल का इंतजार करेंगे।"

इससे पहले मुंबई पुलिस ने उस आरोपी को गिरफ्तार किया था जो आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर समेत बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकी भरे ईमेल भेज रहा था। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जो एक IT इंजीनियर है। उसे बुधवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि वह लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह का सदस्य होने का नाटक करते हुए, उसके नाम से सभी को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेज रहा था।

मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार आरोपी पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाली कई फिल्मी हस्तियों को धमकी दे रहा था। खबरों के मुताबिक आयुष्मान को एक व्यक्ति से धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला, जिसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया। बताया जा रहा है कि मैसेज भेजने वाले ने 'ड्रीम गर्ल' अभिनेता से करोड़ों रुपयों की मांग की थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।