Children Of God: शिर्डी में 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' का ट्रेलर- म्यूजिक हुआ लॉन्च, इस दिन होगी रिलीज

Children Of God: 'शिर्डी साईं बाबा' के लिए मशहूर एक्टर-फ़िल्ममेकर औशिम क्षेत्रपाल अब फीचर फिल्म 'चिल्ड्रन ऑफ़ गॉड' के जरिए ट्रांसजेंडर्स को आवाज और पहचान दिलाने के मिशन पर हैं।

अपडेटेड Jul 27, 2026 पर 5:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस इवेंट में फिल्म निर्माता एवं अभिनेता ऑशिम खेत्रपाल, निर्देशक आशीष सक्सेना, आरती खेत्रपाल, राधिका खेत्रपाल तथा श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिर्डी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गोरक्षा गाडिलकर तथा साईं बाबा शांति पुरस्कार की अंतर्राष्ट्रीय रणनीतिकार संजना जॉन के साथ फिल्म की पूरी टीम उपस्थित रही।

Children Of God: साईं बाबा की पावन नगरी शिरडी में आगामी हिंदी फिल्म 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' का ट्रेलर और म्यूजिक लॉन्च हुआ। यह फिल्म समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और समानता का संदेश देती है। कहानियों में उल्लेख मिलता है कि साईं बाबा किन्नरों को ईश्वर का विशेष आशीर्वाद मानते थे और समाज से हमेशा उनके कल्याण की भावना से सोचने और उन्हें सम्मान देने की प्रेरणा देते थे। उसी मानवीय विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास फिल्म चिल्ड्रेन ऑफ गॉड के माध्यम से किया गया है।

इस इवेंट में फिल्म निर्माता एवं अभिनेता ऑशिम खेत्रपाल, निर्देशक आशीष सक्सेना, आरती खेत्रपाल, राधिका खेत्रपाल तथा श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिर्डी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गोरक्षा गाडिलकर तथा साईं बाबा शांति पुरस्कार की अंतर्राष्ट्रीय रणनीतिकार संजना जॉन के साथ फिल्म की पूरी टीम उपस्थित रही।

कार्यक्रम का सबसे इमोशनल पल तब देखने को मिला जब विश्व भ्रमण कर शिर्डी पहुंची पवित्र मशाल को ऑशिम खेत्रपाल ने मीडिया और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों को भी इस ऐतिहासिक मशाल को स्पर्श करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।


म्यूजिक ने इवेंट को और भी खास बना दिया। आरती खेत्रपाल ने लाइव भजन प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया, जबकि राधिका खेत्रपाल ने अपनी मनमोहक ओडिसी डांस प्रस्तुति से वहां मौजूद मीडिया, गेस्ट का दिल जीत लिया। दोनों प्रस्तुतियों को सभी ने खड़े होकर सराहा। इसके बाद फिल्म 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' का ट्रेलर और म्यूजिक आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया।

इस अवसर पर श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिर्डी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गोरक्षा गाडिलकर ने कहा- साईं बाबा के सामाजिक कल्याण से जुड़े विचारों की आज समाज को पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है। बाबा हमेशा हर व्यक्ति को समान दृष्टि से देखने और मानवता का संदेश देते थे। मुझे विश्वास है कि ऑशिम खेत्रपाल की यह फिल्म 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' समाज में सकारात्मक जागरूकता लेकर आएगी।

फिल्म के निर्माता एवं अभिनेता ऑशिम खेत्रपाल ने कहा,"चिल्ड्रेन ऑफ गॉड केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि मानवता, सम्मान और स्वीकार्यता की भावना को समर्पित एक सच्ची कहानी है। हम चाहते हैं कि समाज किसी व्यक्ति को उसकी पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि उसके इंसान होने के आधार पर स्वीकार करे। शिर्डी में साईं बाबा के आशीर्वाद के साथ इस फिल्म का शुभारंभ होना हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य और भावनात्मक क्षण है।"

'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' एक सच्ची घटना से प्रेरित फिल्म है। यह अमित नाम के एक ऐसे युवक की कहानी है, जिसे बचपन से ही अपनी पहचान के कारण मजाक, इग्नोरेंस और अपमान का सामना करना पड़ता है। घर छोड़ने के बाद वह ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच अपना नया परिवार और नई पहचान पाता है तथा 'अमिता' के रूप में स्वयं को स्वीकार करता है। अनेक संघर्षों और विश्वासघातों के बीच उसकी मुलाकात आशिम नाम के एक ऐसे मार्गदर्शक से होती है, जो उसे यह विश्वास दिलाता है कि पहचान समाज नहीं, बल्कि इंसान स्वयं तय करता है। यह फिल्म साहस, आत्मसम्मान, संघर्ष और स्वीकार्यता की एक भावनात्मक यात्रा है।

फिल्म में ऑशिम खेत्रपाल, आकाश वर्मा, राधिका खेत्रपाल, सार्थक कपूर, प्रिंस राजीव, एन.के. सिंह, भाव्या सिंह, राज चौधरी, रनेशा अग्रवाल, अभिषेक सिन्हा, शोभना खत्री और अन्नू शर्मा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' 11 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।