Christopher Nolan: 'सबसे डरपोक जेम्स बॉन्ड...', क्रिस्टोफर नोलन ने रॉबर्ट पैटिनसन के एक्शन स्किल्स का उड़ाया मजाक

Christopher Nolan: क्रिस्टोफर नोलन ने रॉबर्ट पैटिनसन के एक्शन स्किल्स के बारे में मजाक करते हुए पुरानी यादों को शेयर किया। उन्होंने बताया कि कैसे रॉबर्ट बस मैट डेमन और टॉम हॉलैंड को फाइट सीन करते हुए देखते रह गए थे।

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 10:24 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अमेजन MGM स्टूडियोज ने 16 नवंबर, 2026 को आधिकारिक तौर पर रॉबर्ट पैटिनसन को अगला जेम्स बॉन्ड घोषित किया। इसके साथ ही वे इस मशहूर ब्रिटिश जासूस की आधिकारिक फिल्म सीरीज में यह किरदार निभाने वाले सातवें अभिनेता बन गए हैं।

Christopher Nolan: अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन, डैनियल क्रेग की जगह जेम्स बॉन्ड बने हैं। ब्रैड पिट, एलिजाबेथ डेबिकी और जॉर्ज लेजेनबी सहित कई कलाकारों ने 007 के रूप में रॉबर्ट पैटिनसन के चयन की तारीफ की है, लेकिन फिल्म निर्माता क्रिस्टोफर नोलन ने मजाक में उन्हें 'सबसे डरपोक जेम्स बॉन्ड' कहा।

रॉबर्ट पैटिनसन को लेकर क्रिस्टोफर नोलन का मजाक

नोलन और पैटिनसन ने 'टेनेट' और 'द ओडिसी' जैसी फिल्मों में एक साथ काम किया है। वेस्ट हॉलीवुड में 'डायरेक्टर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका' में 'द ओडिसी' की स्क्रीनिंग के दौरान, नोलन एक सवाल-जवाब सत्र में शामिल हुए, जिसका संचालन स्टीवन स्पीलबर्ग ने किया था। जब स्पीलबर्ग ने फिल्म के अंत में पैटिनसन (एंटीनस के किरदार में) और मैट डेमन (ओडिसियस के किरदार में) के बीच हुए एक्शन सीक्वेंस की तारीफ की तो नोलन ने पैटिनसन को लेकर मजाक किया- "रॉब पैटिनसन अब तक के सबसे डरपोक जेम्स बॉन्ड हैं।"

नोलन ने आगे बताया कि कैसे एक्शन डायरेक्टर ने फिल्म के एक्शन सीक्वेंस की योजना बनाई थी, जिनकी बहुत सावधानी से रिहर्सल की गई थी और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए उन्हें फिल्माया गया था। उन्होंने मैट डेमन और टॉम हॉलैंड की तारीफ करते हुए उन्हें बेहतरीन एथलीट बताया। हालांकि फिल्म निर्माता ने बताया कि पैटिनसन आराम से बैठकर अपने सह-कलाकारों, डेमन और हॉलैंड को सेट पर फाइट सीन करते हुए देखना पसंद कर रहे थे। नोलन ने हंसते हुए कहा- "रॉब बस एक कोने में बैठकर सब कुछ देख रहे थे और उन्होंने इसमें शामिल होने से साफ इनकार कर दिया।"


जेम्स बॉन्ड के रूप में रॉबर्ट पैटिनसन का चयन

अमेजन MGM स्टूडियोज ने 16 नवंबर, 2026 को आधिकारिक तौर पर रॉबर्ट पैटिनसन को अगला जेम्स बॉन्ड घोषित किया। इसके साथ ही वे इस मशहूर ब्रिटिश जासूस की आधिकारिक फिल्म सीरीज में यह किरदार निभाने वाले सातवें अभिनेता बन गए हैं। वे डैनियल क्रेग की जगह लेंगे, जिन्होंने 007 के रूप में अपनी आखिरी फिल्म 'नो टाइम टू डाई' (2021) में काम किया था।

आने वाली 26वीं बॉन्ड फिल्म का निर्देशन डेनिस विलेन्यूवे करेंगे, जो 'ड्यून' और 'ब्लेड रनर 2049' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म की पटकथा 'पीकी ब्लाइंडर्स' के निर्माता स्टीवन नाइट लिखेंगे। एमी पास्कल और डेविड हेमैन इसे प्रोड्यूस करेंगे, जबकि तान्या लैपोइंट एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर होंगी। पैटिनसन ने इस रोल को मिलने को अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया और कहा कि 007 का किरदार निभाना उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा है। 40 वर्षीय अभिनेता 'ट्वाइलाइट' फ्रेंचाइजी से दुनिया भर में मशहूर हुए थे और तब से उन्होंने 'गुड टाइम', 'द लाइटहाउस', 'टेनेट' और 'द बैटमैन' जैसी फिल्मों के जरिए अपनी पहचान बनाई है।

जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने के बारे में बात करते हुए, पैटिनसन ने एक बयान में कहा- "मैं डेनिस, एमी, डेविड, तान्या और अमेजन MGM स्टूडियो की पूरी टीम का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। यह कहना कि यह रोल मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है, बहुत छोटी बात होगी। मैं इस साझेदारी और इस शानदार टीम के साथ आगे काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।