Daler Mehndi: 'मेरा परिवार मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा है', उत्तराखंड विवाद पर दलेर मेहंदी ने तोड़ी चुप्पी
Daler Mehndi: उत्तराखंड विवाद के बाद पहली बार दलेर मेहंदी का दिवाली के खास मौके पर बयान सामने आया। उन्होंने कहा- इस दिवाली मैं खास तौर पर आप सभी को धन्यवाद देने के लिए कुछ पल निकालना चाहता हूं।
सिंगर ने इस बात पर विचार किया कि कलाकारों को अक्सर उनके जाने के बाद ही पता चलता है कि उन्होंने लोगों पर क्या प्रभाव डाला है।
Daler Mehndi: पंजाबी गायक दलेर मेहंदी ने उत्तराखंड में 'मां कुंजापुरी पर्यटन और विकास मेले' में अपनी परफॉरमेंस को लेकर हुए हालिया विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। दिवाली के मौके पर सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने एक भावुक नोट साझा किया। इसमें उन्होंने अपने प्रशंसकों, म्यूजिक इंडस्ट्री और उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जो इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहे।
अपने बयान में दलेर ने मिले प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो प्रतिक्रिया मिली, उसने उनके दिल को इस कदर छू लिया है कि उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने अपने परिवार, खासकर अपने भाई मीका सिंह, पत्नी तरन और बच्चों का भी जिक्र किया, जो इस मुश्किल दौर में उनके साथ खड़े रहे।
उन्होंने लिखा- "इस दिवाली, मैं खास तौर पर आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। पिछले कुछ सालों में मुझे अपने संगीत के जरिए और हर उस मंच पर जहां मैंने परफॉर्म किया है बहुत प्यार मिला है। लेकिन हाल ही में मैंने जो अनुभव किया है, उसने मेरे दिल को इस तरह छू लिया है कि उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।"
उन्होंने समर्थकों से मिले संदेशों और प्रार्थनाओं के बारे में बात करते हुए कहा- "आप जिस तरह मेरे साथ खड़े रहे, जिस तरह आपने मेरे लिए आवाज़ उठाई, मुझ पर जो भरोसा जताया और जो प्यार दिया... मुझे नहीं लगता कि मैं शब्दों में पूरी तरह बयां कर सकता हूं कि मेरे लिए इसके क्या मायने हैं। मैंने आपके मैसेज पढ़े हैं, आपकी बातें सुनी हैं और आपकी प्रार्थनाओं को महसूस किया है। इन सबके बीच मैं बहुत विनम्र और आभारी महसूस कर रहा हूं।"
दलेर ने इस मुश्किल समय में अपनी ताकत का सबसे बड़ा स्रोत अपने परिवार को बताया। अपने भाई मीका, पत्नी तरन और बच्चों का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा- इस दौरान मेरा परिवार मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा है। मेरे भाई मीका एक मजबूत ढाल बनकर मेरे साथ खड़े रहे। मेरी पत्नी तरन ने अपने साहस और अटूट विश्वास के साथ, गुरदीप ने अपनी शांत और दृढ़ सोच के साथ और मेरी बेटियों रबाब, अजीत और प्रभजोत ने अपने निस्वार्थ प्यार के जरिए मेरा साथ दिया। हर किसी ने अपने-अपने तरीके से मेरा साथ दिया है और मैं जानता हूं कि मैं कितना भाग्यशाली हूं कि वे मेरे साथ हैं।"
संगीत और मनोरंजन जगत, अपने प्रशंसकों और देश भर के लोगों को धन्यवाद देते हुए गायक ने कहा- "पूरी संगीत और मनोरंजन इंडस्ट्री, भारत के कोने-कोने से संपर्क करने वाले सभी लोग, मेरे प्रशंसक और पूरे देश को - प्यार, विश्वास और सम्मान के इस 'सरोपाओ' (सम्मान) के लिए धन्यवाद। मैं इसे नतमस्तक होकर और कृतज्ञता से भरे दिल के साथ स्वीकार करता हूं।"
उन्होंने एकजुटता की भावना और मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देने वाले लोगों के महत्व पर भी बात की। 'इक ओंकार' (IK ONKAR) का जिक्र करते हुए दलेर ने कहा- "इन सब अनुभवों ने मुझे 'इक ओंकार' की सच्ची भावना की याद दिला दी है - कि हम सब एक हैं, जो प्यार और सम्मान के बंधन से जुड़े हैं। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि परिवार सिर्फ वे लोग नहीं हैं जिनके यहां हमारा जन्म हुआ है, बल्कि वे लोग भी हैं जो ज़रूरत के समय हमारे साथ खड़े रहते हैं। आज, मैं इस भावना को पहले से कहीं ज्यादा गहराई से समझ पा रहा हूं।"
सिंगर ने इस बात पर विचार किया कि कलाकारों को अक्सर उनके जाने के बाद ही पता चलता है कि उन्होंने लोगों पर क्या प्रभाव डाला है। उन्होंने कहा कि वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें अपने जीवनकाल में ही इतना प्यार मिला, और उन्होंने उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया जिन्होंने उनसे संपर्क करने के लिए समय निकाला।
"अक्सर लोग किसी कलाकार के सफर और उनके प्रभाव के बारे में तब बात करते हैं, जब वे कलाकार हमारे बीच नहीं होते। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे अपने जीवनकाल में ही यह प्यार देखने और महसूस करने को मिला। सबसे बड़ी बात यह है कि जिन लोगों ने मुझे इतना कुछ दिया है, मैं उन्हें धन्यवाद कह पा रहा हूं। हो सकता है कि मैंने हर मैसेज या हर शब्द का जवाब न दिया हो, लेकिन कृपया जान लें कि मैंने उन्हें देखा है, महसूस किया है और आपने मेरे प्रति जो दया दिखाई है, उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा।"
दिवाली के अपने मैसेज को एक भावुक मोड़ देते हुए दलेर ने लिखा- "इस दिवाली, हर घर में दीये जगमगाएंगे, लेकिन मेरे दिल में आप सभी के प्यार ने जो रोशनी जगाई है, वह मेरे लिए सबसे खास है।"
दलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद तब शुरू हुआ जब अक्टूबर में उत्तराखंड में उनके एक शो को विधायक सुबोध उनियाल ने रुकवा दिया। मंत्री ने गायक पर नशे की हालत में परफॉर्म करने का आरोप लगाया और कहा कि वे लाइव परफॉर्म नहीं कर रहे थे, बल्कि सिर्फ लिप-सिंक कर रहे थे।