दिल्ली में नहीं होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट, जानिए पुलिस ने क्यों नहीं दी JLN स्टेडियम शो की इजाजत

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और त्योहारी सीजन का हवाला देते हुए 30 अक्टूबर को JLN स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की अनुमति देने से मना कर दिया है।

अपडेटेड Oct 22, 2026 पर 3:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Police denies permission Diljit Dosanjh Concert

मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों के लिए एक निराश कर देने वाली खबर सामने आई है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में 30 अक्टूबर को होने वासे दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को रद्द कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और त्योहारी सीजन का हवाला देते हुए इस बड़े कार्यक्रम को आयोजित करने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल कॉन्सर्ट में हजारों की संख्या में प्रशंसकों और युवाओं की भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही थी। अब सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने इस शो को मंजूरी देने पर रोक लगा दी है।

पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी है कि दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए बताया कि 30 अक्टूबर को होने वाले इस लाइव कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक आने वाले दिनों में दीपावली, छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के कारण शहर में पहले से ही सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भारी दबाव है। ऐसे में स्टेडियम में इतनी बड़ी तादाद में जुटने वाली भीड़ को संभालना और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करना एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता था। वैसे दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा चिंताओं की डिटेल सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि शहर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।

ऑरा वर्ल्ड टूर का इंडिया लेग होना था शुरू


दिलजीत दोसांझ का दिल्ली में आयोजित होने वाला यह कॉन्सर्ट उनके बहुप्रतीक्षित ऑरा वर्ल्ड टूर (Aura World Tour) के भारतीय चरण की आधिकारिक शुरुआत करने वाला था। अपने इस अंतरराष्ट्रीय दौरे के तहत दिलजीत उत्तर अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया के कई प्रमुख देशों में पहले ही अपने सफल शो कर चुके हैं। दिल्ली के बाद इस वर्ल्ड टूर का अगला पड़ाव भारत के छह प्रमुख शहरों, इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ में होना है। लेकिन दिल्ली कॉन्सर्ट को मंजूरी न मिलने से अब आयोजकों और प्रशंसकों के शेड्यूल पर असर पड़ा है।

आम आदमी पार्टी (AAP) ने सरकार पर साधा निशाना

दिल्ली पुलिस द्वारा दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को इजाजत न दिए जाने के फैसले के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। दिल्ली आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर दिलजीत दोसांझ जैसे कलाकार के कॉन्सर्ट को अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। उन्होंने दिलजीत की तारीफ करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी के बाद वे पंजाब के एक और महान आइकॉन हैं। देश का युवा दिलजीत को बेहद प्यार करता है और पंजाब में भी उनकी जबरदस्त लोकप्रियता है। ऐसे में इतने लोकप्रिय भारतीय कलाकार के शो पर रोक लगाना समझ से परे है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।