फिल्म- धमाल 4

फिल्म- धमाल 4
निर्देशक- इंद्र कुमार
स्टार कास्ट- अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, बृजेंद्र काला
रेटिंग:3/5
Dhamaal 4 Movie Review: जब भी 'धमाल' फ्रेंचाइज़ का नाम आता है तो दिमाग में सबसे पहले बिना लॉजिक वाली मस्ती, अफरा-तफरी और भरपूर कॉमेडी आती है। 'धमाल 4' भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाती है। निर्देशक इंद्र कुमार ने इस बार कहानी में कोई बड़ा बदलाव करने की बजाय उसी पुराने और आजमाए हुए फॉर्मूले पर भरोसा जताया है, लेकिन नए किरदारों, नई परिस्थितियों और कई दिलचस्प सिनेमाई रेफरेंस के साथ इसे ताजा बनाने की कोशिश की है। अच्छी बात यह है कि फिल्म खुद को जरूरत से ज्यादा गंभीर नहीं बनाती और शुरू से आखिर तक मनोरंजन पर ही फोकस रखती है।
फिल्म की कहानी एक बार फिर खजाने की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है। इस बार सुराग एक विशाल 'M' से जुड़ा है और उसी तक पहुंचने की होड़ में कई टीमें निकल पड़ती हैं। हर टोली का अपना अंदाज, अपनी चालाकियां और अपनी मुश्किलें हैं, जिसकी वजह से लगातार कॉमिक हालात बनते रहते हैं। कहानी में कोई बड़ा सरप्राइज नहीं है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी ताकत इसका प्रेजेंटेशन और किरदारों के बीच होने वाली नोकझोंक है। क्लाइमैक्स में आने वाला ट्विस्ट आगे 'धमाल 5' पर भी मुहर लगा देता है।
अभिनय की बात करें तो पूरी स्टारकास्ट फिल्म की जान है। अजय देवगन अपने शांत लेकिन असरदार अंदाज में नजर आते हैं, जबकि रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से लगातार हंसाते हैं। रवि किशन का समुद्री लुटेरे वाला किरदार अलग रंग भरता है और उनका 'अधूरा' होने वाला ट्रैक कई जगह मजेदार बन पड़ता है। संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और बृजेंद्र काला भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में सफल रहते हैं।
तकनीकी पक्ष पर नजर डालें तो फिल्म का विजुअल स्केल बड़ा जरूर है, लेकिन वीएफएक्स कुछ जगह बेहतर हो सकते थे। बैकग्राउंड स्कोर कहानी के साथ तालमेल बनाए रखता है और बीच-बीच में सुनाई देने वाली 'बेला चाओ' धुन दर्शकों का ध्यान खींचती है। फिल्म की एक और खासियत इसके सिनेमाई रेफरेंस हैं। 'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन', 'एवेंजर्स', 'धूम' और 'वेलकम' जैसी फिल्मों की झलक कई सीन्स को और मनोरंजक बना देती है। वहीं इंद्र कुमार का 'इंद्रधनुष' वाला रेफरेंस भी मुस्कुराने पर मजबूर करता है।
कुल मिलाकर 'धमाल 4' कोई नई कहानी नहीं सुनाती, लेकिन हंसी के भरपूर मौके जरूर देती है। अगर आप पूरे परिवार के साथ हल्की-फुल्की, मसाला एंटरटेनर फिल्म देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपको निराश नहीं करेगी। खासकर फिल्म के कई कॉमिक सीक्वेंस और आदि-मानव वाली जोड़ी थिएटर में खूब ठहाके बटोरती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।