रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की। फिल्म ने कई पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। फिल्म के डॉयलॉग के साथ-साथ फिल्म के गानों को भी फैंस ने काफी पंसद किया। वहीं 'धुरंधर 2' के म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव ने हाल ही में रणवीर सिंह के साथ काम करने और फिल्म के जबरदस्त ट्रैक 'आरी आरी' पर एक्टर के प्रभाव को लेकर खुलकर बात की है। रणवीर की स्क्रीन प्रेजेंस ने गाने को कैसे प्रभावित किया, इस बारे में बात करते हुए शाश्वत ने कहा, "रणवीर की मौजूदगी ने 'आरी आरी' को एक फिजिकल वोल्टेज (ताकत) दी, लेकिन इसका म्यूजिकल आइडिया सिर्फ परफॉर्मेंस से कहीं ज्यादा चीजों से मिलकर बना था।"
उन्होंने आगे कहा, "पहली फिल्म की दुनिया ने मुझे पहले ही एक ऐसी एनर्जी दिखा दी थी जो बेहद हाइपर, एग्रेसिव, गुस्सैल और थोड़ी खतरनाक थी। फिर, इस सीक्वेंस को लेकर आदित्य का अपना एक विजन था।" उन्होंने आगे समझाया कि क्रिएटिव प्रोसेस के दौरान ये गाना कैसे आगे बढ़ा। उन्होंने कहा, "बाद में, जब हमने दूसरे ट्रेलर के लिए इसके बारे में सोचना शुरू किया, तो ओजस के एडिट ने इस ट्रैक को एक नई जिंदगी दे दी। मुझे दिखाया कि ये कितने दमदार तरीके से दर्शकों पर असर डाल सकता है। 'आरी आरी' गाना रणवीर की स्क्रीन एनर्जी, इस सीक्वेंस के लिए आदित्य की महत्वाकांक्षा और एडिट की लय (रिदम) के मिलन से तैयार हुआ है।"
शाश्वत ने रणवीर के ऑन-स्क्रीन किरदार से इतर भी उनकी जमकर तारीफ की और फिल्म के बनने के दौरान देर रात तक चलने वाले उनके क्रिएटिव सेशन्स को याद किया। कंपोजर ने बताया , "वह बिना किसी दिखावे या जजमेंटल हुए बेहद सपोर्टिव और हिम्मत बढ़ाने वाले थे। हम उन सेशन्स का बेसब्री से इंतजार करते थे क्योंकि वे इस पूरी प्रोसेस के सबसे मजेदार हिस्सों में से थे। एक ऐसा आर्टिस्ट जो किसी दूसरे के काम को इतने उत्साह के साथ स्वीकार कर सकता है, वो पूरे कमरे में मौजूद लोगों को और आगे बढ़ने का कॉन्फिडेंस देता है।"
अपने काम के प्रति पूरी लगन और हर किरदार में नई जान डालने की क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले रणवीर सिंह लगातार दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री से तारीफें मिल रही है। उनके जन्मदिन के मौके पर फैंस जहां जश्न की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं ये साल भी एक्टर के लिए कई बड़ी उपलब्धियों से भरा रहा है। हिंदी सिनेमा की बड़ी सफल फिल्मों का हिस्सा बनने के साथ-साथ रणवीर ने 'धुरंधर: द रिवेंज' जैसी फिल्म के जरिए नया रिकॉर्ड भी बनाया। अपनी शानदार सफलता और लगातार बढ़ते प्रभाव के दम पर उन्होंने एक बार फिर साबित किया है कि वह बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं।