बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रानी मुखर्जी एक बार फिर अपनी पावरफुल परफॉर्मेंस और बेहतरीन कहानी के चयन को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म 'मर्दानी 3' ने न केवल सिनेमाघरों में तहलका मचाया, बल्कि अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी सफलता के झंडे गाड़ रही है। इस शानदार प्रतिक्रिया को देखते हुए रानी मुखर्जी ने अपनी खुशी जाहिर की है और फिल्म की सफलता को अपने लिए बेहद भावनात्मक बताया है।
नेटफ्लिक्स पर एक महीने से ट्रेंड कर रही है फिल्म
यशराज फिल्म्स (YRF) के बैनर तले बनी मर्दानी 3 को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुए एक महीने से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि यह अभी भी टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में बनी हुई है। फिल्म की इस लंबी पारी पर बात करते हुए रानी ने कहा, "मेरे लिए 'मर्दानी 3' का सफर बहुत भावुक करने वाला रहा है। फिल्म ने पहले सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीता और अब नेटफ्लिक्स के जरिए पूरी दुनिया में इसे प्यार मिल रहा है।"
रानी मुखर्जी का मानना है कि इस फिल्म की सफलता सिनेमा जगत में एक बड़े बदलाव का संकेत है। उन्होंने साझा किया कि लोग अब ऐसी कहानियों को अपना रहे हैं जो किसी खास वर्ग के लिए नहीं, बल्कि सबके लिए हैं। रानी ने कहा, "इस फिल्म की कामयाबी यह साबित करती है कि महिला प्रधान कहानियां अब सीमित नहीं रहीं; वे 'यूनिवर्सल' यानी वैश्विक हो चुकी हैं। यह इस बात का सबूत है कि साहस, न्याय और वास्तविक मुद्दों पर आधारित कहानियाँ व्यावसायिक रूप से भी सफल हो सकती हैं।"
फिल्म में रानी मुखर्जी ने निडर पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका निभाई है। इस किरदार के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि शिवानी अब केवल एक काल्पनिक पात्र नहीं रह गई है, बल्कि उसने भारत और दुनिया भर के लोगों के दिलों में अपनी एक खास जगह बना ली है। यही कारण है कि 'मर्दानी' फ्रेंचाइजी को हर बार इतना अधिक प्यार मिलता है।
फिल्म की कहानी और स्टार कास्ट
मर्दानी 3 की कहानी एक बार फिर समाज की कड़वी सच्चाई को उजागर करती है। इस बार शिवानी शिवाजी रॉय का मुकाबला एक खतरनाक चाइल्ड ट्रैफिकिंग रैकेट से है। फिल्म में रानी के साथ मल्लिका प्रसाद और जानकी बोदीवाला ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है और इसे आयुष गुप्ता ने लिखा है।
आपको बता दें कि 'मर्दानी' सीरीज की पहली फिल्म साल 2014 में आई थी, जिसे दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया था। इसके पांच साल बाद 2019 में इसका दूसरा भाग रिलीज हुआ। अब साल 2026 में रिलीज हुई इस तीसरी कड़ी ने यह साबित कर दिया है कि रानी मुखर्जी आज भी अपनी अदाकारी और मजबूत कहानियों के दम पर दर्शकों को सिनेमाघरों और स्क्रीन तक खींचने का हुनर रखती हैं। यह हिंदी सिनेमा की एकमात्र ऐसी महिला प्रधान कॉप फ्रेंचाइजी बन गई है जो लगातार सफल रही है।