प्राइम वीडियो की लोकप्रिय वेब सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है। भातखंडी गांव की कहानी एक बार फिर नए घटनाक्रम, भावनात्मक पलों और मजबूत रिश्तों के साथ लौट रही है। पहले सीजन में गार्गी और प्रभात के बीच दिखाई गई सादगी भरी केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। दोनों के रिश्ते को बिना किसी जल्दबाजी के दिखाया गया, जिसने इसे और खास बना दिया। अब दूसरे सीजन में भी उनकी कहानी अहम भूमिका निभाती नजर आएगी। सीजन 2 की रिलीज से पहले गार्गी का किरदार निभाने वाली आकांक्षा रंजन कपूर ने अपने किरदार, प्रभात के साथ रिश्ते और शूटिंग के अनुभवों को लेकर कई दिलचस्प बातें शेयर की हैं।
