Hanuman Ansh Box Office: 34वें दिन भी हनुमान अंश की आंधी, बुधवार को मनाया मंगल! इतने करोड़ पर पहुंची नीम करौली बाबा की फिल्म

Hanuman Ansh Box Office: बॉक्स ऑफिस पर नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म हनुमान अंश शानदार कमाई कर रही है। ये फिल्म हर दिन कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है। 34वें दिन यानी अपने 5वें बुधवार को भी इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार 'मंगल' मनाते हुए तगड़ी कमाई दर्ज की है

अपडेटेड Sep 09, 2026 पर 6:46 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पहले हफ्ते में फिल्म महज 1.08 करोड़ रुपये का बिजनेस ही कर सकी थी

Hanuman Ansh Box Office: बॉक्स ऑफिस पर नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर बनी मूवी हनुमान अंश का जादुई और चमत्कारिक सफर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेहद सीमित बजट में तैयार हुई यह फिल्म अब कोई छोटी-मोटी रिलीज नहीं रह गई है बल्कि सिनेमाघरों में 100 करोड़ रुपये का विशाल आंकड़ा पार कर 2026 की सबसे बड़ी सरप्राइज ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है। यह फिल्म हर दिन कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है और 34वें दिन यानी अपने 5वें बुधवार को भी इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार 'मंगल' मनाते हुए तगड़ी कमाई दर्ज की है।

टिकट खिड़की पर 34वें दिन आया बड़ा उछाल

Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक रिलीज के 34वें दिन हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 3.73 करोड़ रुपये की सॉलिड कमाई कर ली है। जैसे-जैसे दिन और रात के शो आगे बढ़ेंगे, ये आंकड़ा अभी और बढ़ेगा। इस फिल्म की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज के पांचवें हफ्ते में एंट्री के बाद भी देश भर में इसके 5200+ शो चल रहे हैं।


आपको बता दें कि बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। पहले हफ्ते में फिल्म महज 1.08 करोड़ रुपये का बिजनेस ही कर सकी थी, जबकि दूसरे हफ्ते में इसने अपनी झोली में सिर्फ 40 लाख रुपये जोड़े। लेकिन असली चमत्कार तीसरे हफ्ते से शुरू हुआ, जब दर्शकों की जबर्दस्त माउथ-ऑफ-पब्लिसिटी के दम पर फिल्म के कलेक्शन में अभूतपूर्व उछाल आया। अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन 146.61 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, वहीं इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 173.26 करोड़ रुपये हो चुका है।

तरण आदर्श ने बताया 2026 की सबसे बड़ी सक्सेस

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिनेता शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा की मुख्य भूमिका निभाई है। कम बजट की इस फिल्म ने सिनेमाप्रेमियों की उम्मीदों से कहीं बढ़कर प्रदर्शन किया है। मशहूर फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने हनुमान अंश की इस ऐतिहासिक सफलता को 2026 की सबसे बड़ी सफलता बताया है।

इसके राइटर और डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी हैं। यह फिल्म महाराज जी के नाम से प्रसिद्ध नीब करोरी बाबा के जीवन, विनम्रता और उनके प्रेम से भरे संदेशों पर आधारित है। भक्त जिन्हें भगवान हनुमान का अवतार मानते हैं, उनकी सीख को बड़े पर्दे पर बेहद सादगी से उकेरा गया है।

अब 11 सितंबर से विदेशों में तहलका मचाने की तैयारी

भारत में झंडे गाड़ने के बाद अब यह फिल्म ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हनुमान अंश को आगामी 11 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओवरसीज सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जिसके बाद इसके वर्ल्डवाइड आंकड़े और भी नए कीर्तिमान रचने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।