Hanuman Ansh Box Office: बॉक्स ऑफिस पर नहीं थम रहा 'हनुमान अंश'का जलवा, दुनियाभर में हुई 350 करोड़ से ज्यादा की कमाई

Hanuman Ansh Box Office: बॉलीवुड फिल्म 'हनुमान अंश' फिल्म की कमाई रिलीज होने के इतने दिन बाद भी थमने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म में कोई बड़ा स्टार नहीं होने के बावजूद इसकी कमाई तेजी से बढ़ रही है। रिलीज के सातवें वीकेंड तक फिल्म ने दुनियाभर में 350 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है

अपडेटेड Sep 22, 2026 पर 5:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही थी

Hanuman Ansh Box Office: बॉक्स ऑफिस पर पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड फिल्म 'हनुमान अंश' का दबदबा बरकरार है। रिलीज के इतने दिन बाद भी फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म में कोई बड़ा स्टार नहीं होने के बावजूद इसकी कमाई तेजी से बढ़ रही है। रिलीज के सातवें वीकेंड तक फिल्म ने दुनियाभर में 350 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। वहीं फिल्म ने अपनी लागत से कई गुना कमाई की है। फिल्म को बनाने में करीब 2 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। ऐसे में इस फिल्म का इतने बड़े स्तर पर कमाई करना इसकी सफलता को खास बनाता है।

फिल्म की हुई थी धीमी शुरुआत

‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही थी। फिल्म ने पहले दिन महज 10 लाख रुपये कमाए और शुरुआती दो हफ्तों में इसकी कुल कमाई करीब 1.50 करोड़ रुपये ही रही। कम कमाई के चलते माना जा रहा था कि फिल्म दर्शकों को पसंद नहीं आ रही है। लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ी और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का असर दिखने लगा। इसके बाद फिल्म की कमाई ने रफ्तार पकड़ ली और कलेक्शन लगातार बढ़ता गया। ‘हनुमान अंश’ की कमाई चौथे हफ्ते से लगातार मजबूत बनी हुई है। फिल्म हर हफ्ते भारत में 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की नेट कमाई कर रही है। रिलीज के 46वें दिन सोमवार को भी फिल्म ने करीब 4 करोड़ रुपये जोड़े।


विदेशों में भी छाई फिल्म

‘हनुमान अंश’ की फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 276 करोड़ रुपये, जबकि ग्रॉस कमाई 326 करोड़ रुपये पहुंच गई है। इस साल देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में यह चौथे स्थान पर बताई जा रही है। ‘हनुमान अंश’ को विदेशों में भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म को इंटरनेशनल मार्केट में उस समय रिलीज किया गया, जब इस महीने की शुरुआत में होम्बले फिल्म्स ने इसके वर्ल्डवाइड डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स खरीदे। विदेशों में रिलीज के बाद तीन हफ्तों में फिल्म ने करीब 2.8 मिलियन डॉलर की कमाई की है। वहीं, रिलीज के 46 दिनों में ‘हनुमान अंश’ की दुनियाभर में कुल ग्रॉस कमाई 352 करोड़ रुपये पहुंच गई है।

नीम करोली बाबा पर बेस्ड है फिल्म

‘हनुमान अंश’ की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है। यह फिल्म एक प्रस्तावित ट्रिलॉजी की पहली कड़ी है। फिल्म की कहानी विशाल चतुर्वेदी ने लिखी है और उन्होंने ही इसका निर्देशन और निर्माण भी किया है। फिल्म को उनके प्रोडक्शन बैनर स्वंभू मीडिया नेटवर्क के तहत बनाया गया है। इसकी कहानी उनकी किताब ‘डिवाइन डेटोर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ से प्रेरित है, जिसमें नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा के बारे में बताया गया है।

कौन-कौन है फिल्म में

फिल्म में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि अनिल रस्तोगी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवानदास पटेल और नेहा परांजपे भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी विशाल बावा ने की है और एडिटिंग की जिम्मेदारी शंख राजाध्यक्ष ने संभाली है। ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।