Maharani 5: मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हुमा कुरैशी 'महारानी' के पांचवें सीजन में रानी भारती के किरदार में वापसी करने जा रही हैं। इस पॉलिटिकल ड्रामा के जनवरी 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है। नए सीजन की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब मेकर्स इसके प्रमोशन की शुरुआत कर सकते हैं।
'वैरायटी इंडिया' के मुताबिक पहला टीजर 1 नवंबर को आने वाला था। हालांकि रविवार दोपहर 1 बजे तक मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया था।
रानी भारती के रूप में हुमा कुरैशी की वापसी
हुमा एक बार फिर रानी भारती के किरदार में नज़र आएंगी। 2021 में जब से 'महारानी' शुरू हुई है, तब से हुमा ही इस किरदार को निभा रही हैं। मेकर्स ने अभी तक सीजन 5 की कहानी का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कहानी पिछले सीज़न के आगे से ही शुरू होगी। इस नए सीजन का दायरा और बड़ा होगा, जिसकी शूटिंग दिल्ली, भोपाल और लद्दाख में की गई है।
लोकेशन बदलने से दर्शकों में यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि रानी का राजनीतिक सफर अब किस दिशा में जाएगा, खासकर तब जब सीजन 4 में उनकी कहानी बिहार की राजनीति की सीमाओं से बाहर निकल गई थी।
'महारानी' सीजन 5 का टीजर जल्द आने की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार टीजर 1 नवंबर को रिलीज होना था, हालांकि इस खबर को लिखे जाने तक प्रमोशन की शुरुआत नहीं हुई थी। शूटिंग पूरी हो चुकी है, इसलिए टीजर से यह साफ हो सकता है कि मेकर्स रानी भारती की अगली राजनीतिक लड़ाई को किस दिशा में ले जा रहे हैं।
सुभाष कपूर द्वारा बनाई गई 'महारानी' बिहार की राजनीति पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक साधारण गृहिणी, एक ताकतवर राजनीतिक हस्ती बन जाती है। पहले सीजन में रानी की राजनीति में अचानक एंट्री को दिखाया गया था। 2022 में आए दूसरे सीजन में उन्हें राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और सत्ता के संघर्षों में और गहराई से उलझते हुए दिखाया गया।
2024 में आए तीसरे सीजन में रानी को नई चुनौतियों के बीच अपना नियंत्रण वापस पाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखाया गया था। 2025 में रिलीज हुए सीजन 4 में कहानी को कई साल आगे बढ़ा दिया गया था। उस समय तक रानी बिहार की मुख्यमंत्री के तौर पर अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर रही थीं और उन्हें ऐसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था, जिनका असर राष्ट्रीय राजनीति तक फैल गया था।
'महारानी' के चारों सीजन अभी सोनीलिव (SonyLIV) पर स्ट्रीम करने के लिए उपलब्ध हैं। अगर जनवरी 2027 की बताई जा रही समय-सीमा सही साबित होती है तो दर्शकों को रानी भारती की वापसी के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।