Jailer 2 Box Office Collection Day 1: रजनीकांत की 'जेलर 2' उनकी 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है। ये 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। ज्यादातर सकारात्मक समीक्षाएं मिलने के बावजूद 'जेलर 2' रजनीकांत की पिछली रिलीज 'कुली' (2025) की ओपनिंग कमाई के आंकड़े को पीछे नहीं छोड़ पाई।
भारत में 'जेलर 2' का ग्रॉस कलेक्शन 70.25 करोड़ रुपये रहा, जबकि नेट कलेक्शन 59.70 करोड़ रुपये रहा। वहीं 'कुली' ने भारत में अपने ओपनिंग डे पर 65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जो अब तक रजनीकांत की किसी भी फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग रही है।
सबसे बड़ा योगदान तमिल वर्जन का रहा, जिसने 9,326 शो से 43.35 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद तेलुगु वर्जन का नंबर आता है, जिसने 2,792 शो से 12.50 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म के हिंदी वर्जन को एक बड़ा झटका लगा, क्योंकि OTT-विंडो विवादों के चलते देश के उत्तरी हिस्सों में PVR-Inox चेन ने इसे अपने सिनेमाघरों में नहीं दिखाया। हिंदी वर्जन ने 4,371 शो से 3.50 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, कन्नड़ वर्जन ने 110 शो से कुल कमाई में 0.35 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
सोशल मीडिया और समीक्षकों ने फिल्म के entertainment value के लिए इसकी काफी तारीफ की है। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में और सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि मारन द्वारा निर्मित 'जेलर 2' रजनीकांत की 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है। इस फिल्म में राम्या कृष्णन, एसजे सूर्या, मोहनलाल, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु और मिथुन चक्रवर्ती जैसे कई कलाकार शामिल हैं।
फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है, सिनेमैटोग्राफी विजय कार्तिक कन्नन ने की है और एडिटिंग का काम आर. निर्मल ने संभाला है। इस सीरीज की पहली फिल्म 'जेलर', 10 अगस्त 2023 को रिलीज हुई थी। इसमें मुथुवेल पांडियन की कहानी दिखाई गई थी, जो अपने परिवार पर खतरा आने के बाद वापस हिंसा की दुनिया में खींच लिया जाता है।