Janhvi Kapoor: बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर और शिखर पहाड़िया के डेट करने की चर्चा काफी समय से चल रही है। हालांकि दोनों में से किसी ने भी अपने रिश्ते को लेकर कभी खुलकर कुछ नहीं कहा था। अब 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में जाह्नवी ने आखिरकार शिखर को डेट करने की बात मान ली है और शादी को लेकर अपने प्लान भी बताए हैं।
शिखर पहाड़िया के साथ शादी के प्लान पर जाह्नवी कपूर
'कॉफी विद करण' के हालिया एपिसोड में जब करण जौहर ने जाह्नवी से पूछा कि क्या वह आधिकारिक तौर पर शिखर को डेट कर रही हैं तो उन्होंने इसकी पुष्टि की। जाह्नवी ने कहा- "मैं हमेशा सोचती थी कि लोग इस बारे में इतनी चुप्पी क्यों साधे रहते हैं। जाहिर है मैं नहीं चाहती कि किसी की नजर लगे और मैं अपनी निजी जिंदगी के बारे में बहुत ज्यादा खुलकर बात नहीं करना चाहती। लेकिन मुझे लगता है कि 'किसी को पता न चले' वाली बात को कुछ ज्यादा ही तूल दिया जाता है। इस तरह छिप-छिपकर चलना थोड़ा बोरिंग लगता है> इसमें कोई बड़ी बात भी नहीं है।"
बातचीत के दौरान जाह्नवी ने अपनी मां श्रीदेवी के निधन के बाद शिखर से मिले सपोर्ट को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय वे दोनों रिलेशनशिप में नहीं थे, लेकिन लंदन में पढ़ाई कर रहे शिखर अपना सेमेस्टर बीच में ही छोड़कर मुंबई वापस आ गए थे ताकि वह जाह्नवी के साथ रह सकें। उन्होंने यह भी बताया कि शिखर अपने घर के बजाय जुहू में एक दोस्त के साथ रुके थे ताकि जब भी जाह्नवी को उनकी जरूरत हो, वह उनके पास मौजूद रह सकें।
शिखर पहाड़िया और जाह्नवी कपूर के बारे में
जाह्नवी और शिखर एक-दूसरे को लंबे टाइम से जानते हैं। एक पुराने इंटरव्यू में शिखर ने बताया था कि वह जाह्नवी की जिंदगी का हिस्सा तब से हैं जब वह लगभग 15 या 16 साल की थीं। उन्होंने बताया कि वे दोनों एक-दूसरे के लिए एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम की तरह हैं। उनके रिश्ते ने अक्सर लोगों का ध्यान खींचा है। उन्हें फैमली फंक्शन, मंदिरों और इवेंट्स में एक साथ देखा गया है।
हालांकि उन्होंने अपने रिश्ते को काफी हद तक निजी रखा, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी बातचीत और शिखर के प्रति जाह्नवी के खुले तौर पर प्यार जताने के तरीकों ने उनके रोमांस को लेकर अटकलों को हवा दे दी। शिखर के निकनेम वाला नेकलेस पहनने से लेकर उनके नाम और तस्वीरों वाली कस्टमाइज्ड टी-शर्ट पहनने तक, जाह्नवी ने कई बार सबके सामने उनके लिए अपना प्यार जाहिर किया है। बोनी कपूर ने भी शिखर के प्रति अपना स्नेह जताया है। बाद में ऐसी अफवाहें उड़ीं कि यह कपल 2026 में शादी करने की योजना बना रहा है, लेकिन मई में बोनी ने इन खबरों का खंडन कर दिया था।