Janhvi Kapoor: फिल्म निर्माता बुची बाबू सना की फिल्म 'पेड्डी' को लेकर काफी आलोचना हो रही है। दर्शक जाह्नवी कपूर के किरदार पर सवाल उठा रहे हैं। विवाद के बीच, अभिनेत्री की मेकअप आर्टिस्ट ने उनका बचाव करते हुए कहा है कि उन्होंने कुछ सीन पर आपत्ति जताई थी और एक सीमा तय की थी।
जाह्नवी की मेकअप आर्टिस्ट, सवलीन कौर मनचंदा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "किसी अभिनेत्री को उसके द्वारा चुने गए किरदारों के लिए दोषी ठहराना आसान है, लेकिन असलियत कुछ और ही बयां करती है। खबरों के अनुसार, जाह्नवी कपूर ने पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान इन सीन्स पर खुलकर आपत्ति जताई थी।
पोस्ट में आगे लिखा है- उन्होंने पेशेवर तौर पर एक सीमा तय की, लेकिन फाइनल एडिट में फुटेज को बरकरार रखा गया। यह किसी अभिनेत्री द्वारा अपने हक के लिए आवाज न उठाने का मामला नहीं है। यह निर्देशक द्वारा सीमा को नजरअंदाज करने का मामला है, क्योंकि उन्होंने बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के मुकाबले अभिनेत्री की सहमति को कम महत्वपूर्ण समझा। पोस्ट में कहा गया है कि बुची बाबू ने जाह्नवी की कुछ शॉट्स हटाने की मांग को नजरअंदाज कर दिया।
पेड्डी के निर्देशक बुची बाबू सना ने जाह्नवी कपूर के कैरेक्टर को लेकर हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है। बुची बाबू सना ने X पर लिखा, “एक फिल्म निर्माता के तौर पर मेरा मानना है कि सिनेमा का उद्देश्य दर्शकों का मनोरंजन करना, उन्हें प्रेरित करना और उनसे जुड़ाव पैदा करना होना चाहिए। इससे किसी को भी असहज या अपमानित महसूस नहीं होना चाहिए। पेड्डी के कुछ सीन्स को लेकर मिली प्रतिक्रिया हमने सुनी है और इसे गंभीरता से लिया है। पर्दे पर और पर्दे के बाहर, दोनों जगह महिलाओं के प्रति मेरा हमेशा से बहुत सम्मान रहा है और हमारा कभी भी किसी महिला किरदार को वस्तु की तरह पेश करने या उसका अपमान करने का इरादा नहीं था।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर फिल्म के किसी हिस्से को इस तरह समझा गया है, तो हम उन भावनाओं का सम्मान करते हैं, उठाई जा रही चिंताओं को समझते हैं और तहे दिल से माफी मांगते हैं। प्रतिक्रिया की समीक्षा करने के बाद, हमने संबंधित हिस्सों में बदलाव करने का फैसला किया है। सिनेमा दर्शकों से जुड़ाव के माध्यम से विकसित होता है, और कहानीकार के रूप में, बदलते नजरिए और संवेदनशीलता के प्रति सचेत रहना हमारी जिम्मेदारी है।”