Janhvi Kapoor: जाह्नवी कपूर ने बयां की बुरे टाइम की सच्चाई, बताया क्यों चली गई थी गलत राह पर!

Janhvi Kapoor: अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने खुलासा किया है कि एक दर्दनाक अनुभव के बाद वह भावनात्मक सुकून के लिए अक्सर शराब पीने लगी थीं।

अपडेटेड May 03, 2026 पर 5:15 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्ववी कपूर अक्सर अपनी चकाचौंध भरी जिंदगी और फिल्मों को लेकर चर्चा में रहती हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने अपने जीवन के एक ऐसे काले अध्याय से पर्दा उठाया है जिसके बारे में फैंस को अंदाजा भी नहीं था। राज शमानी के पॉडकास्ट 'फिगरिंग आउट' में बातचीत के दौरान जाह्नवी ने बेहद ईमानदारी से स्वीकार किया कि एक समय वह भावनात्मक रूप से इतनी टूट गई थीं कि उन्होंने सुकून पाने के लिए शराब का सहारा लेना शुरू कर दिया था।

सदमे से उबरने की एक अनकही कोशिश

जाह्ववी ने साझा किया कि यह सब उनके जीवन के एक बेहद दर्दनाक और दुखद अनुभव के बाद शुरू हुआ। हालांकि उन्होंने उस घटना का स्पष्ट नाम नहीं लिया, लेकिन उनका दर्द उनकी बातों में साफ झलक रहा था। उन्होंने बताया कि उस दौरान वह अक्सर खुद से कहती थीं, "मुझे बस नशें में धुत्त होना है।" यह किसी शौक या पार्टी के लिए नहीं, बल्कि अपने भीतर चल रहे मानसिक शोर को शांत करने की एक हताश कोशिश थी।

अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि वह शराब की एडिक्टेड नहीं थीं और न ही वह इसे 'एब्यूज' की श्रेणी में रखती हैं, लेकिन उस समय वह बहुत अधिक मात्रा में और लगातार पीने लगी थीं। वह उस मुश्किल दौर से भागने का रास्ता तलाश रही थीं और शराब उन्हें कुछ पल की राहत देती थी।


वह एहसास जिसने सब कुछ बदल दिया

जाह्ववी के लिए यह बदलाव किसी बड़े नाटकीय घटनाक्रम से नहीं, बल्कि एक छोटे से Self-realization से आया। उन्होंने महसूस किया कि शराब उनके शरीर और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा, "मुझे वह एहसास बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा था जो सुबह उठने के बाद होता था। वह हैंगओवर मुझे चिड़चिड़ा बना देता था।"

सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि जाह्नवी को अपने शरीर से एक ऐसी गंध आने लगी थी, जो उनके परिवार के एक ऐसे सदस्य की याद दिलाती थी जो कभी नशे की गंभीर लत से जूझ चुका था। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्होंने उस गंध को खुद पर महसूस किया, उन्हें समझ आ गया कि यह रास्ता उनके लिए सही नहीं है। इसी 'वेक-अप कॉल' ने उन्हें अपनी आदतों पर दोबारा विचार करने और खुद को संभालने की हिम्मत दी।

आने वाली फिल्में और करियर

आज जाह्नवी उस दौर से बाहर निकल चुकी हैं और पूरी तरह अपने करियर पर केंद्रित हैं। उनके वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही सुपरस्टार राम चरण के साथ फिल्म 'पेड्डी' (Peddi) में नजर आएंगी, जो 6 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इससे पहले वह वरुण धवन के साथ फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में दिखाई दी थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।