Jennifer Winget-William Ishmael Marriage: टीवी एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियां में हैं। टीवी एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट ने ब्रिटेन में एक निजी समारोह में बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ शादी कर ली है। जेनिफर ने अपनी शादी की जानकारी सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत वीडियो शेयर करके दी है। इस वीडियो में शादी के खास पलों की झलक देखने को मिली। जेनिफर ने पहली बार अपने पति को अपने फैंस से आधिकारिक तौर पर परिचित भी कराया है। शादी का खबर सामने के बाद से फैंस जेनिफर को लगातार बधाई दे रहे हैं।
18 जुलाई को जेनिफर विंगेट ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी का एक खास वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह व्हाइट कलर के ब्राइडल गाउन में बेहद खूबसूरत दिखीं और अपने पति विलियम इश्माएल के साथ नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मनाती नजर आईं।
जेनिफर पोस्ट कर दी जानकारी
वीडियो शेयर करते हुए जेनिफर ने कैप्शन में लिखा, "...और आखिरकार हमारे सितारे एक हो गए! विलियम इश्माएल" वहीं वीडियो में एक इमोशनल मैसेज भी शामिल था, जिसमें उन्होंने लिखा, "आधिकारिक तौर पर आप सभी को मेरे जीवनसाथी, मेरे पति विल से मिलवा रही हूं।" जेनिफर विंगेट ने पहली बार सोशल मीडिया पर अपने पति को आधिकारिक तौर पर अपने फैंस से मिलवाया। शादी के वीडियो में समारोह के कई भावुक और खूबसूरत पल शामिल थे। वीडियो में न्यूलीवेड कपल हाथों में हाथ डालकर वेडिंग चैपल से बाहर निकलता नजर आया, वहीं परिवार और दोस्तों ने उन पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। इस कपल ने क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की है।
जेनिफर के लुक लोगों को आ रहा पसंद
शादी में जेनिफर विंगेट का ब्राइडल लुक भी लोगों को काफी पसंद आया। उन्होंने डिजाइनर कार्लियो का तैयार किया हुआ खास व्हाइट वेडिंग गाउन पहना था। स्ट्रैपलेस डिजाइन और स्वीटहार्ट नेकलाइन वाले इस गाउन पर मोतियों की बारीक कारीगरी और सुंदर धागों की कढ़ाई की गई थी। उनका ये सादगी भरा और खूबसूरत ब्राइडल अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है। वहीं विलियम ब्लू कोर्ट-पैंट में नजर आ रहे हैं। शादी से पहले जेनिफर विंगेट की वेडिंग ड्रेस तैयार होने का एक बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, विलियम इश्माएल सिंगापुर के एक बिजनेसमैन हैं। वह MHC डिजिटल ग्रुप में बिजनेस डेवलपमेंट और ट्रेडिंग के डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह अक्टूबर 2022 से इस कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं।
जेनिफर की दूसरी शादी है ये
टीवी एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट की ये दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी, लेकिन साल 2014 में दोनों अलग हो गए थे। जेनिफर टीवी के लोकप्रिय शो सरस्वतीचंद्र, बेहद और बेपनाह से घर-घर में अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनकी शादी की खबर सामने आने के बाद फैंस और मनोरंजन जगत के कई सितारे सोशल मीडिया पर उन्हें नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।