Bharat Bhhagya Viddhaata: कंगना रनौत ने किया फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' का ऐलान, 26/11 के अनसुने नायकों पर बनी है फिल्म की कहानी

Bharat Bhhagya Viddhaata: अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपनी अगली फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की रिलीज डेट (12 जून, 2026) की घोषणा कर दी है, जो 26/11 मुंबई हमलों के दौरान कामा अस्पताल के 'गुमनाम नायकों' के साहस पर आधारित होगी।

अपडेटेड May 06, 2026 पर 3:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

बॉलीवुड की 'पंगा क्वीन' और अब राजनीति में भी अपनी धाक जमा रहीं कंगना रनौत एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। अपनी फिल्म 'इमरजेंसी' के बाद, कंगना ने अपनी अगली महत्वाकांक्षी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की रिलीज डेट और पहला लुक जारी कर दिया है। सोशल मीडिया पर जैसे ही फिल्म का पोस्टर सामने आया, फैंस ने खुशी के साथ कहना शुरू कर दिया है कि "क्वीन इज बैक!"

क्या है फिल्म की कहानी?

यह फिल्म भारत के उन गुमनाम नायकों को एक सिनेमाई श्रद्धांजलि है, जिन्होंने मुश्किल वक्त में देश के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। फिल्म की कहानी 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा एंड अल्बलेस अस्पताल में हुई दिल दहला देने वाली घटना पर आधारित है। यह फिल्म उस रात की दास्तां बयां करेगी जब डर से कहीं बड़ा इंसानियत का जज्बा था और जिम्मेदारी ही सबसे बड़ा कर्तव्य बन गई थी।

कंगना का खास किरदार और मेकर्स


खबरों की मानें तो इस फिल्म में कंगना रनौत एक स्टाफ नर्स की भूमिका निभाती नजर आएंगी। यह किरदार उन स्वास्थ्यकर्मियों को समर्पित है, जिन्होंने गोलियों की गड़गड़ाहट के बीच भी मरीजों की जान बचाना अपनी पहली प्राथमिकता समझा। फिल्म का निर्देशन मनोज टपाड़िया कर रहे हैं, जो इस फिल्म के साथ बतौर डायरेक्टर डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म में मराठी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री गिरीजा ओक भी एक अहम भूमिका में दिखाई देंगी।

सोशल मीडिया पर 'क्वीन' का स्वागत

कंगना ने जैसे ही फिल्म का पोस्टर शेयर किया, इंटरनेट पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, "सिल्वर स्क्रीन से लेकर संसद तक, आप भारत के असली हीरो की कहानियों को आगे बढ़ा रही हैं। एक सच्ची कलाकार और लीडर!" वहीं दूसरे फैंस कंगना के प्रभावशाली किरदार को देखने के लिए उत्साहित नजर आए। लोगों का मानना है कि कंगना ऐसी कहानियों के साथ न्याय करना बखूबी जानती हैं।

रिलीज डेट का हुआ खुलासा

पोस्टर के साथ मेकर्स ने साफ कर दिया है कि 'भारत भाग्य विधाता' 12 जून, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म के कैप्शन में लिखा गया है, "साधारण लोगों की असाधारण कहानी! उस रात की कहानी, जब इंसानियत डर से ऊंची खड़ी थी। जब एकता ही कर्तव्य बन गई और साहस ने जानें बचाईं।"

कंगना रनौत इन दिनों काफी व्यस्त हैं। एक तरफ जहां वह अपनी फिल्म 'क्वीन 2' की शूटिंग मुंबई में शुरू कर चुकी हैं, वहीं दूसरी तरफ वह संसद के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभा रही हैं। 'भारत भाग्य विधाता' उनके करियर की एक और ऐसी फिल्म होने वाली है जो देशभक्ति और मानवीय संवेदनाओं से भरी होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।