India's Got Latent: करण औजला हाल ही में समय रैना के इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2 में दिखाई दिए और याद किया कि कैसे उनके गाने एमएफ गबरू में "मदरफ***इंग गबरू" कहने के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई थी। जब उनसे पूछा गया कि कार्रवाई होने के बाद उन्होंने क्या किया, तो करण ने मजाक में कहा कि वह दुबई चले गए।
समय रैना ने करण औजला से पूछा, "पाजी आप पर हुआ है कोई केस?" गायक ने कहा, “मेरे पे भी हो जाता है।” आगे पूछे जाने पर, करण ने कहा, "मेरे पे इतने लेवल का नहीं हुआ है जितना आप पे हुआ था। मैंने कभी ये नहीं पूछा, 'क्या आप चाहेंगे...'" समय ने पूछा, "आपने क्या किया है फिर?"
करण औजला ने जवाब दिया, "मैंने बोला, 'मैंनें गाली यूज कर दी थी।" समय ने पूछा, “फिर क्या किया आपने?” गायक ने मजाक में कहा, "मैं दुबई।" इससे तन्मय भट्ट, समय रैना, गुरलीन पन्नू और राहुल दुआ हंस पड़े। दर्शक भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। तन्मय भट्ट ने कहा, “अच्छा है यार।”
जिन लोगों को नहीं पता, उन्हें बता दें कि करण औजला उस घटना का ज़िक्र कर रहे थे जब पंजाब राज्य महिला आयोग ने इस गाने में "महिलाओं के लिए आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा" के इस्तेमाल का स्वत संज्ञान (suo motu cognisance) लिया था। आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने ANI को बताया था, "इस गाने में इस्तेमाल की गई भाषा पर कोई नियंत्रण नहीं रखा गया और न ही इसके बारे में ठीक से सोचा गया। जब हम मंच पर जाते हैं, तो सबसे कहते हैं कि मेरी ज़िंदगी में मेरी मां की भूमिका सबसे अहम है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम उनका बहुत सम्मान करते हैं। दूसरी तरफ, आप उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। आप यह दोहरा रवैया किसके लिए अपनाते हैं? लाखों व्यूज़ पाने के लिए? क्या आप यह सिर्फ़ पैसे कमाने के लिए कर रहे हैं? इसका हमारे बच्चों पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है। इसलिए, मुझे लगता है कि गायकों को भी अपनी ज़िम्मेदारी समझनी चाहिए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए मैंने इसे BOI (ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन) और DGP को भेज दिया है, और उन्हें (औजला और 'मिलियनेयर' गाने के लिए हनी सिंह को) तलब किया जाना चाहिए।"
उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "मुझे पता है कि वे इस समय देश में नहीं हैं, फिर भी मुझे उनसे संपर्क करना चाहिए और उनसे सफ़ाई मांगनी चाहिए। उन्हें यहां बुलाया जाना चाहिए। जब वे सफ़ाई देंगे, माफ़ी मांगेंगे और शब्द बदलेंगे, तब हम देखेंगे कि अगला कदम क्या होगा।" बाद में चेयरपर्सन ने बताया कि दोनों गायकों ने अपने गानों में इस्तेमाल की गई भाषा के लिए "सॉरी" कहा था।