Adarsh Baal Vidyalaya Trailer: न रूल्स परफेक्ट, न लोग... फिर भी दिल से हैं आदर्श! प्राइम वीडियो की सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' का ट्रेलर रिलीज
Adarsh Baal Vidyalaya Trailer: 'आदर्श बाल विद्यालय' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें के के मेनन एक अनोखे हेडमास्टर के रोल में हैं, जो एक अव्यवस्थित स्कूल को दिल्ली के सबसे अच्छे स्कूलों में से एक बनाने के लिए दृढ़ हैं। प्राइम वीडियो की इस सात-एपिसोड वाली कॉमेडी-ड्रामा सीरीज में अर्चना पूरन सिंह भी हैं।
के के मेनन के अलावा अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट देवेन भोजानी, अजीतेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'आदर्श बाल विद्यालय' का प्रीमियर 24 जुलाई को किया जाएगा।
Adarsh Baal Vidyalaya Trailer: प्राइम वीडियो ने आज अपनी आगामी प्राइम ओरिजिनल सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' ट्रेलर जारी किया। यह ट्रेलर 24 जुलाई को होने वाले इसके ग्लोबल प्रीमियर से पहले दर्शकों को एक ऐसे स्कूल की दिलचस्प, कॉमेडी और हलचल भरी दुनिया की झलक दिखाता है, जो कई चुनौतियों से जूझ रहा है।
यह हल्की-फुल्की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज उम्मीद, संघर्ष और सामुदायिक भावना की कहानी है, जिसमें एक अप्रत्याशित हेडमास्टर सीमित संसाधनों और रोजमर्रा की चुनौतियों के बावजूद अपने स्कूल और स्टाफ में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करता है। इस सात एपिसोड की सीरीज का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है।
इसे बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बनाया और कार्यकारी निर्माता के रूप में प्रस्तुत किया है। सीरीज की कहानी और पटकथा बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नुपुर पई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने लिखी है। बहुमुखी अभिनेता के के मेनन इस सीरीज़ में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट देवेन भोजानी, अजीतेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'आदर्श बाल विद्यालय' का प्रीमियर 24 जुलाई को किया जाएगा।
ट्रेलर 'आदर्श बाल विद्यालय' के दरवाजे खोलता है-एक ऐसा स्कूल, जहां नियम लचीले हैं, हर किरदार अपने आप में अनोखा है और हर दिन कुछ नया लेकर आता है। कहानी के केंद्र में हैं ज्ञानेश्वर त्रिपाठी (के के मेनन), एक मस्तमौला प्रिंसिपल, जो अपनी सूझबूझ और अनोखे तरीकों से हर मुश्किल के बीच स्कूल को संभाले रखते हैं। लेकिन सब कुछ तब बदल जाता है, जब उन्हें पता चलता है कि दिल्ली के बोर्ड परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ परिणाम देने वाले 10 स्कूलों के हेडमास्टर्स को सरकार की ओर से कैम्ब्रिज में प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इसके बाद उन्हें अलग-अलग तरह के शिक्षकों, जोशीले छात्रों, जरूरत से ज्यादा उत्साही अभिभावकों और लगातार सामने आने वाली अप्रत्याशित परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ट्रेलर मनोरंजन और यादगार पलों से भरपूर सफर का वादा करता है। अब सवाल यह है कि क्या ज्ञानेश्वर 'आदर्श बाल विद्यालय' को दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ स्कूलों में शामिल कर पाएंगे, या फिर वहाँ की अव्यवस्था उन पर भारी पड़ जाएगी?
'आदर्श बाल विद्यालय' के निर्देशक हिमांक गौर ने कहा, ‘आदर्श बाल विद्यालय’ में जो कुछ भी आप देखेंगे, उसका बड़ा हिस्सा हम सभी की स्कूल की यादों से जुड़ा है—दोस्ती, शरारतें, शिक्षक और वे रोजमर्रा के पल, जो स्कूल छोड़ने के बाद भी लंबे समय तक हमारे साथ बने रहते हैं। इस सफर को और भी खास बनाने वाली बात यह रही कि हमें बिस्वपति और समीर की सोच को पर्दे पर उतारने का मौका मिला।
इस काम में के. के. मेनन, अर्चना पूरन सिंह, शानदार कलाकारों की पूरी टीम और प्रतिभाशाली युवा कलाकारों का भरपूर साथ मिला, जिन्होंने हर दृश्य में ऊर्जा और वास्तविकता का एहसास भर दिया। पूरे सफर के दौरान प्राइम वीडियो एक बेहतरीन रचनात्मक साझेदार रहा और उन्होंने हर कदम पर हमारी सोच का समर्थन किया। मुझे पूरा विश्वास है कि यह ऐसी सीरीज है, जिसका हर उम्र के दर्शक आनंद लेंगे। मैं बेसब्री से उस पल का इंतज़ार कर रहा हूं, जब 24 जुलाई को भारत और दुनिया भर के दर्शक इसका अनुभव करेंगे।"
सीरीज़ में ज्ञानेश्वर त्रिपाठी का किरदार निभा रहे के के मेनन ने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में मुझे खुफिया अधिकारी, राजनेता और अपराधी जैसे कई अलग-अलग किरदार निभाने का अवसर मिला है, लेकिन हेडमास्टर की भूमिका मैंने पहले कभी नहीं निभाई थी। जब मैंने पहली बार स्क्रिप्ट पढ़ी, तो इस बात ने तुरंत मेरा ध्यान खींचा। इसके अलावा, ज्ञानेश्वर का किरदार इसलिए भी खास लगा क्योंकि वह बहुत वास्तविक और जुड़ाव महसूस कराने वाला है। वह परफेक्ट नहीं है, उसमें कई कमियां हैं, लेकिन वह तेज-तर्रार, समझदार और हर परिस्थिति को अपने पक्ष में मोड़ना जानता है।
'आदर्श बाल विद्यालय' में उर्मिला देवी की भूमिका निभा रहीं अर्चना पूरन सिंह ने कहा, "मुझे 'आदर्श बाल विद्यालय' की सबसे खास बात इसकी बेहद सजीव और प्रभावशाली लेखनी लगी। यह कॉमिक, भावनाओं और ऐसे किरदारों से भरपूर कहानी है, जो पूरी तरह वास्तविक महसूस होते हैं। मेरा किरदार उर्मिला देवी बेबाक, आत्मविश्वासी, बेहद महत्वाकांक्षी है, वह जैसी है, वैसी ही रहने में उसे कोई झिझक नहीं है, इसलिए इस किरदार को निभाना बहुत मजेदार रहा।