Koffee With Karan Season 9: करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' का आखिरी सीजन आखिरकार शुरू हो गया है। शो के होस्ट ने इस साल आने वाले मेहमानों को लेकर फैंस की उत्सुकता बनाए रखी है। सीजन 9 की शुरुआत सलमान खान ने की, जिसमें करिश्मा कपूर भी एक खास मेहमान के तौर पर शामिल हुईं। अब फैंस यह अंदाजा लगा रहे हैं कि करण के 'कॉफी काउच' पर और कौन-कौन सी हस्तियां नजर आएंगी। इस बीच ऐसी खबरें आ रही हैं कि विक्की कौशल और दिलजीत दोसांझ एक साथ शो में आ सकते हैं।
एक सूत्र ने 'फिल्मफेयर' को बताया- "दिलजीत और विक्की के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग है और उनका एपिसोड इस सीजन की सबसे मनोरंजक बातचीत में से एक होने वाला है।" अगर ऐसा होता है तो फैंस एक ऐसे एपिसोड की उम्मीद कर सकते हैं जो हंसी-मजाक, पंजाबी ऊर्जा और दिल से जुड़ी बातों से भरा होगा। हालांकि इस जोड़ी के आने की खबर ऑनलाइन काफी चर्चा में है, लेकिन अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले न्यूज18 ने बताया था कि सलमान खान शो के पहले एपिसोड में वापसी करेंगे। वहीं यह भी बताया कि शाहरुख खान के भी इस आखिरी सीजन में शामिल होने को लेकर बातचीत चल रही है। सूत्र ने कहा- "करण और उनकी टीम सीजन के आखिरी एपिसोड के लिए शाहरुख खान को लाने की कोशिश कर रही है, जो इस लंबे समय से चल रहे चैट शो का ग्रैंड फिनाले भी होगा।" उन्होंने आगे बताया कि यह एपिसोड शाहरुख खान के लिए अपनी फिल्म 'किंग' को प्रमोट करने का जरिया बनेगा।
सूत्र ने आगे कहा, "टीम अभी भी उनसे संपर्क में है। लेकिन करण को पूरा भरोसा है कि वह ऐसा करने में कामयाब हो जाएंगे। जहां तक आर्यन की बात है तो उनका शो में आना उनके पिता पर निर्भर करता है। अगर शाहरुख खान शो में आते हैं, तो आर्यन भी उनके साथ शामिल होंगे। क्योंकि वह 'कॉफी विद करण' में किसी और के साथ अपना डेब्यू नहीं करना चाहेंगे।"
न्यूज18 ने यह भी बताया कि वरुण धवन इस सीजन में जाह्नवी कपूर के साथ नजर आएंगे। यह एपिसोड यश राज फिल्म्स के स्टूडियो में जाह्नवी कपूर और वरुण धवन के साथ शूट किया गया था। यह पहली बार है जब वे दोनों एक साथ इस चैट शो में नजर आए हैं। करण और उनके करीबी कलाकारों ने खूब मस्ती की। शो में एक खास मेहमान ने भी एंट्री ली, जिसे देखकर जाह्नवी और वरुण हैरान रह गए।"
यह मेहमान अर्जुन कपूर थे। सूत्र ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "अर्जुन, जो सीजन 5 के अनौपचारिक 'मैस्कॉट' बन गए थे, इस एपिसोड में 'बवाल' और 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' के अपने को-स्टार्स के साथ एक खास उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वरुण और अर्जुन की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है। 2016 में जब वे दोनों एक साथ शो में आए थे तो उन्होंने करण, क्रू मेंबर्स और दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया था।"