तकरीबन दस साल का लंबा इंतजार, अनगिनत सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप और परिवारों के बीच मची खींचतान आखिरकार एक भावुक मिलन के साथ समाप्त हुई। मशहूर कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह ने अपनी 'मामी' सुनीता आहूजा (गोविंदा की पत्नी) के साथ अपनी पुरानी दुश्मनी को भुलाकर एक नई शुरुआत की है। यह ऐतिहासिक पल टीवी रियलिटी शो 'लाफ्टर शेफ्स' के सेट पर देखने को मिला।
सरप्राइज जिसने सबको कर दिया दंग
कृष्णा अभिषेक ने इस पल को साझा करते हुए बताया कि उन्हें इस बात की बिल्कुल भनक नहीं थी कि शो के मेकर्स ने उनके लिए इतना बड़ा सरप्राइज प्लान किया है। कृष्णा के अनुसार, चैनल और क्रिएटिव टीम ने सुनीता जी के आने की खबर को पूरी तरह गुप्त रखा था। यहां तक कि शो की होस्ट भारती सिंह भी इस बात से अनजान थीं। जैसे ही सुनीता आहूजा ने मंच पर कदम रखा, सेट पर मौजूद हर शख्स सन्न रह गया। कृष्णा ने कहा, "यह हमारे जीवन के सबसे यादगार एपिसोड्स में से एक था। मामी को इतने सालों बाद सामने देखना किसी बड़े झटके और इमोशनल रोलरकोस्टर से कम नहीं था।"
इस मिलन की सबसे खास बात कृष्णा की पत्नी कश्मीरा शाह और उनकी मामी सुनीता का आमना-सामना होना था। कृष्णा ने खुलासा किया कि पिछले कुछ सालों में उन्होंने शायद एक-दो बार किसी इवेंट में मामी को दूर से देखा हो, लेकिन कश्मीरा पिछले 10 सालों से उनसे टकराई तक नहीं थीं। कश्मीरा के लिए यह पल बहुत ही भावुक था क्योंकि परिवार के बीच दरार की एक बड़ी वजह उनके और सुनीता के बीच के पुराने विवाद ही थे।
बचपन की यादें और 'आइस ब्रेक'
पुराने दिनों को याद करते हुए कृष्णा काफी भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि सुनीता मामी ने उन्हें बिल्कुल अपने बच्चे की तरह पाला है। कृष्णा लगभग 8 साल तक गोविंदा और सुनीता के घर पर रहे थे। उन्होंने कहा, "हमारा जॉइंट परिवार था, और कल जब हम मिले, तो सारी जमी हुई बर्फ पिघल गई। जो बातें शायद बंद कमरे में होनी चाहिए थीं, वो मंच पर सबके सामने हुईं और हम दोनों के दिल का बोझ हल्का हो गया।"
कृष्णा और उनके मामा गोविंदा के बीच विवाद तब शुरू हुआ था जब गोविंदा ने टीवी पर उनके ऊपर किए गए जोक्स पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद कश्मीरा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने आग में घी डालने का काम किया, जिसे सुनीता आहूजा ने अपने परिवार पर व्यक्तिगत हमला माना था। बात इतनी बढ़ गई थी कि हाल ही में सुनीता ने कपिल शर्मा के शो पर आने से भी सिर्फ इसलिए मना कर दिया था क्योंकि वहां कृष्णा मौजूद थे।