सलमान खान नहीं मिले तो टाइगर को मार दी गोली, लॉरेंस गैंग ने पुलिस के सामने किया बड़ा खुलासा

लॉरेंस गैंग के पकड़े गए सदस्यों ने पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। आरोपियों ने बताया कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से पहले उनका टारगेट सलमान खान थे, लेकिन सिक्योरिटी टाइट होने की वजह से प्लान बदलना पड़ा।

अपडेटेड Oct 21, 2026 पर 9:02 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की कार पर हुई फायरिंग के केस में बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। News18 की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में पकड़े गए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 लोगों ने पूछताछ में बताया कि टाइगर से पहले वे सलमान खान के घर पर फायरिंग करना चाहते थे। लेकिन सलमान के घर के बाहर कड़ी सिक्योरिटी देखकर उन्होंने प्लान बदल दिया। इस खुलासे के बाद बांद्रा में सलमान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा और टाइट कर दी गई है।

पहले सलमान के घर की रेकी की गई थी, पुलिस देखकर लौट गए

रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने सलमान के घर की रेकी भी की थी। वहां काफी पुलिस वाले तैनात मिले तो वे वापस चले गए। अब बांद्रा पुलिस की गाड़ी लगातार एरिया में गश्त कर रही है और पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।


टाइगर श्रॉफ पर कब हुआ हमला?

18 अक्टूबर की शाम जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। उस वक्त एक्टर फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे। टाइगर को सीधे गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर को चोट आई थी। जांच एजेंसियों को शक है कि हमलावरों ने पहले से टाइगर पर नजर रखी थी, उन्हें पता था कि एक्टर हर रविवार फुटबॉल खेलने आते हैं।

बिना सिक्योरिटी चलते हैं टाइगर

आरोपी इंस्टा पर टाइगर श्रॉफ और उनके फैन पेज को फॉलो कर रहे थे। उन्हें पता चला कि टाइगर बिना सिक्योरिटी के आते-जाते हैं, इसलिए गैंग ने उन्हें आसान टारगेट समझा। पुलिस ने 15 घंटे में ही तीनों शूटर्स - ह्रितिक उर्फ रोशन (22), रेहान और फूल सिंह (18) को कोटा से पकड़ लिया। पूछताछ में बताया कि 7 राउंड फायर करने थे, पर एक हथियार जाम हो गया।

फायरिंग के बाद फरार हुए हमलावर

फायरिंग के बाद आरोपी एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की तरफ भागे। फिर अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास बाइक छोड़कर ट्रेन से बोरीवली चले गए। इस केस में चार लोगों को दिल्ली से पकड़ा गया है। उन्हें कोटा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से मुंबई पुलिस को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिली है। पुलिस ने 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

सलमान और बिश्नोई विवाद पर बिश्नोई समाज का पक्ष

जोधपुर में बिश्नोई समाज के प्रतिनिधि देवेंद्र बुडिया ने कहा कि ये विवाद बातचीत से सुलझना चाहिए। उन्होंने सलमान खान से समाज से माफी मांगने को कहा और लॉरेंस बिश्नोई से भी विवाद आगे न बढ़ाने की अपील की। घटना के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे टाइगर से मिलने उनके घर गए थे।

 

सोशल मीडिया पर सामने आया धमकी भरा पोस्ट

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई जिसमें इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने वाले फिल्मी लोगों को भी धमकी दी गई थी। हालांकि पुलिस अभी इसकी सच्चाई की जांच कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।