बॉलीवुड में दो बड़ी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर टकराना कोई नई बात नहीं है, लेकिन जब सामने 'किंग खान' यानी शाहरुख़ खान की फिल्म हो, तो मेकर्स अक्सर अपनी रणनीति बदलने में ही भलाई समझते हैं। कुछ ऐसा ही अब मैडॉक फिल्म्स की अगली बड़ी फिल्म के साथ भी होता दिख रहा है। 'मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स' (Maddock Horror Comedy Universe) का अगला बड़ा हिस्सा मानी जा रही फिल्म 'शक्ति शालिनी' की रिलीज डेट में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, ताकि शाहरुख़ खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' के साथ होने वाले बड़े क्लैश से बचा जा सके।
पहले क्रिसमस पर होनी थी महा-टक्कर
शुरुआती योजना के मुताबिक, नवोदित अभिनेत्री अनीत पड्डा स्टारर 'शक्ति शालिनी' को इसी साल 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी थी। लेकिन इसी दिन शाहरुख़ खान और दीपिका पादुकोण की एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'किंग' भी रिलीज़ होने वाली है। इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि शाहरुख़ खान की फिल्म के साथ सीधे टकराने से 'शक्ति शालिनी' के बिज़नेस और स्क्रीन काउंट पर बुरा असर पड़ सकता था। इसी वजह से मेकर्स अब एक सुरक्षित और बेहतर रिलीज़ विंडो की तलाश कर रहे हैं, ताकि फिल्म को दर्शकों का पूरा प्यार मिल सके।
अब जनवरी 2027 में दस्तक दे सकती है फिल्म
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'शक्ति शालिनी' का प्रोडक्शन काम अब अपने आखिरी चरण में है। सूत्रों का कहना है कि अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा, तो मेकर्स इस फिल्म को जनवरी 2027 के पहले पखवाड़े (First Half) में रिलीज कर सकते हैं। हालांकि, रिलीज़ डेट पर आखिरी मुहर शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म 'कॉक्टेल 2' की रिलीज़ के बाद ही लगाई जाएगी।
बंगाली लोककथाओं पर आधारित है 'शक्ति शालिनी' की कहानी
यह फिल्म दर्शकों के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें अनीत पड्डा डबल रोल में नजर आने वाली हैं। फिल्म की कहानी बंगाली लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं से प्रेरित है, जो अच्छाई और बुराई की शाश्वत लड़ाई को बड़े पर्दे पर दिखाएगी। कहानी एक ऐसी प्रतिशोधी महिला भूत के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पेड़ों और जलाशयों में वास करती है। अतीत में मिले धोखे और क्रूर हत्या का बदला लेने के लिए वह पुरुषों को सज़ा देती है। बुराई के इस साये को खत्म करने के लिए देवी काली के रूप में 'शक्ति' का आह्वान किया जाता है, जो इस दुष्ट आत्मा से लोहा लेती नजर आएगी।
मैडॉक यूनिवर्स का अहम हिस्सा
अनीत पड्डा के इस किरदार की पहली झलक साल 2025 में आई आयुष्मान खुराना की फिल्म 'थम्मा' के पोस्ट-क्रेडिट सीन में दिखाई गई थी। टीज़र में उनके किरदार को 'सृष्टि का रचयिता, संहारक और सबकी माता' के रूप में पेश किया गया था, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता काफी बढ़ा दी है।
दूसरी तरफ, रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही 'किंग' में शाहरुख़ खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करते दिखेंगे। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर इस महा-मुकाबले को टालकर मेकर्स ने 'शक्ति शालिनी' को एक सोलो और शानदार रन देने का बेहद समझदारी भरा फैसला लिया है।