ओटीटी पर धूम मचाने वाली किसी सीरीज को बड़े पर्दे पर उतारना आसान फैसला नहीं होता। खासकर तब, जब दर्शक उसके किरदारों और कहानी से पहले ही गहराई से जुड़ चुके हों। ‘मिर्जापुर द मूवी’ को लेकर भी रिलीज से पहले यही सवाल था कि क्या थिएटर में इसे वैसा ही प्यार मिलेगा, जैसा अब तक ओटीटी पर मिला है। बड़े पर्दे का माहौल, टिकट की कीमत और दर्शकों की बदलती पसंद के बीच फिल्म के सामने खुद को साबित करने की चुनौती थी। मगर सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद तस्वीर तेजी से बदलती नजर आई।
दर्शकों की दिलचस्पी और शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों ने फिल्म को लेकर बनी आशंकाओं को काफी हद तक दूर कर दिया। अब चर्चा सिर्फ फिल्म के कंटेंट की नहीं, बल्कि इस बात की भी हो रही है कि ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी ने थिएटर में अपनी पकड़ कितनी मजबूत बनाई है। शुरुआती प्रदर्शन ने मेकर्स और फैंस दोनों को उत्साहित कर दिया है।
एडवांस बुकिंग ने पहले ही दे दिया था इशारा
फिल्म की रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में जिस तरह दर्शकों ने दिलचस्पी दिखाई, उससे साफ हो गया था कि ओपनिंग मजबूत रहने वाली है। टिकटों की शुरुआती बिक्री ने संकेत दे दिया था कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ पहले दिन ही डबल डिजिट में कमाई कर सकती है, और हुआ भी कुछ ऐसा ही। फिल्म ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की और इसके बाद वीकेंड पर कमाई लगातार बढ़ती चली गई।
पहले तीन दिनों में ही बॉक्स ऑफिस पर तूफान
फिल्म ने पहले दिन 25.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। दूसरे दिन कमाई में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने 32 करोड़ रुपये बटोर लिए। तीसरे दिन रविवार का फायदा भी फिल्म को भरपूर मिला। इस दिन कलेक्शन बढ़कर 36 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यानी सिर्फ शुरुआती तीन दिनों में ही फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बना ली।
चौथे दिन भी जारी रही कमाई
वीकेंड खत्म होने के बाद सोमवार को आमतौर पर फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिलती है। ऐसे में चौथे दिन का प्रदर्शन काफी अहम माना जाता है। सैकनिल्क के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने चौथे दिन अब तक 9.74 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इसके साथ फिल्म की कुल घरेलू नेट कमाई 103.49 करोड़ रुपये पहुंच गई है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 123.8 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
4 दिन में बजट के करीब पहुंची कमाई
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का बजट करीब 90 से 100 करोड़ रुपये के बीच बताया गया है। ऐसे में चार दिनों की कमाई को देखें तो फिल्म ने अपनी लागत के बराबर कमाई कर ली है। अब असली नजर वीकडे कलेक्शन पर रहेगी। अगर आने वाले दिनों में कमाई में गिरावट आती भी है, तो अगले वीकेंड में फिल्म को दोबारा रफ्तार मिलने की उम्मीद की जा सकती है।
पुराने चेहरों ने फिर जगाई ‘मिर्जापुर’ वाली फीलिंग
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ इसकी कहानी नहीं, बल्कि वे किरदार भी हैं जिनसे दर्शकों का पुराना जुड़ाव रहा है। कालीन भैया के किरदार में पंकज त्रिपाठी, गुड्डू पंडित के रूप में अली फजल और मुन्ना त्रिपाठी के रोल में दिव्येंदु शर्मा फिर नजर आए हैं। इनके अलावा श्वेता त्रिपाठी और रसिका दुग्गल भी अपनी पुरानी भूमिकाओं में दिखाई देती हैं।
OTT से थिएटर तक का सफर कितना सफल?
‘मिर्जापुर द मूवी’ की शुरुआती कमाई ने फिलहाल यह साबित कर दिया है कि इस फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता सिर्फ OTT तक सीमित नहीं है। जिन किरदारों और कहानी को दर्शकों ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर पसंद किया, उन्हें बड़े पर्दे पर देखने के लिए भी लोग सिनेमाघरों तक पहुंचे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि शुरुआती चार दिनों की रफ्तार आगे कितनी दूर तक जाती है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाने में कितनी सफल होती है।