ग्लेमर की चकाचौंध से भरी दुनिया बाहर से जितनी हसीन दिखती है, अंदरूनी तौर पर उतनी ही नाजुक भी होती है। साल 2026 अभी अपने आधे सफर तक भी नहीं पहुंचा है, लेकिन भारतीय मनोरंजन जगत से ऐसी कई खबरें सामने आ चुकी हैं जिन्होंने फैंस का दिल तोड़ दिया। प्यार, शादी और साथ जीने-मरने के वादों के बीच, कई मशहूर हस्तियों ने इस साल अपनी राहें जुदा कर लीं। लेकिन इसी के साथ कुछ सेलेब्स की तलाक की अफवाह सिर्फ अफवाह बनकर रह गई। आज तक इन जोड़ियों ने सच को उजागर नहीं किया। आइए एक नजर डालते हैं उन कपल्स पर जिनके अलगाव ने इस साल सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
मौनी रॉय और सूरज नांबियार
मौनी रॉयऔर सूरज नांबियार की शादी जनवरी 2022 में किसी फेरीटेल जैसी थी। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो करने और सूरज द्वारा अपना अकाउंट डिलीट करने की खबरों ने सबको चौंका दिया। सूत्रों की मानें तो यह कपल पिछले कुछ समय से अलग रह रहा है। जहां मौनी अपने करियर में व्यस्त हैं, वहीं सूरज की सोशल मीडिया से दूरी उनके बीच के गहरे मतभेदों की ओर इशारा कर रही है। अब इंतजार है कि यह कपल सामने आकर सच्चाई को फैंस तक पहुंचाए।
विजय और संगीता सोर्णलिंगम
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार और तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निजी जीवन में आए तूफान ने सबको हैरान कर दिया। उनकी पत्नी संगीता ने फरवरी 2026 में तलाक की अर्जी दी, जिसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगाए। 1999 में शादी के बंधन में बंधे इस जोड़े के दो बच्चे हैं। एक लंबा सफर तय करने के बाद, जब जीवन के एक नए पड़ाव (राजनीति) पर विजय ने कदम रखा, तभी उनके निजी जीवन का यह बिखराव उनके समर्थकों के लिए काफी भावुक कर देने वाला रहा। हालांकि अभी तक इस कपल ने इन खबरों की पुष्टि नहीं की है।
टीवी जगत के सबसे चहेते कपल्स में से एक जय और माही ने इस साल की शुरुआत में ही अपने तलाक की घोषणा कर दी। 14 साल तक एक-दूसरे का हाथ थामने के बाद इस फैसले ने उनके फैंस को गमगीन कर दिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अलगाव में कोई 'विलेन' नहीं है और वे अपने बच्चों—तारा, खुशी और राजवीर की परवरिश मिलकर (Co-parenting) करेंगे। यह खबर हमें सिखाती है कि कभी-कभी किसी रिश्ते को कड़वाहट से बचाने के लिए सम्मानपूर्वक अलग होना ही बेहतर होता है।
हंसिका मोटवानी और इवेलिन शर्मा
अभिनेत्री हंसिका मोटवानी और सुहैल खतुरिया की शादी भी दो साल के भीतर ही कानूनी रूप से समाप्त हो गई। आपसी मतभेदों के चलते मार्च 2026 में उन्हें आधिकारिक तौर पर तलाक मिल गया। वहीं, इवेलिन शर्मा ने भी अपने ऑस्ट्रेलियाई पति तुषान भिंडी से अलग होने की पुष्टि की। इवेलिन ने बताया कि वे अब सिर्फ एक दोस्त और माता-पिता के तौर पर जुड़े रहेंगे।
रिश्तों का टूटना कभी भी आसान नहीं होता, चाहे आप आम इंसान हों या कोई बड़ी हस्ती।