बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और सभी के चहेते 'जग्गू दादा' यानी जैकी श्रॉफ हाल ही में अपनी सुनहरी यादों के गलियारों में टहलते नजर आए। जैकी श्रॉफ ने उस जगह का दौरा किया, जिसने उनके जीवन और करियर की दिशा हमेशा के लिए बदल दी थी। मौका था मशहूर फिल्म निर्देशक सुभास घई के कार्यालय जाने का, जहां जैकी ने अपनी पहली सुपरहिट फिल्म 'हीरो' साइन की थी। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें और जैकी का भावुक संदेश तेजी से वायरल हो रहा है।
"पूजा" में लौटे अपने 'हीरो'
जैकी श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भगवान गणेश की एक सुंदर तस्वीर साझा की, जो सुभाष घई के कार्यालय में स्थापित है। इस कार्यालय का नाम अब बदलकर 'पूजा' रख दिया गया है। अपनी भावनाओं को शब्दों में पिरोते हुए जैकी ने लिखा, "उस जगह पर वापस लौटकर धन्य महसूस कर रहा हूं जहां से मेरा सफर शुरू हुआ था! सुभाष जी के दफ्तर में कदम रखना, जिसे अब 'पूजा' नाम दिया गया है, वही जगह है जहाँ मैंने अपनी पहली फिल्म 'हीरो' साइन की थी। मेरी शुभकामनाएं हमेशा आपके साथ हैं!"
सुभाष घई और जैकी: एक अटूट रिश्ता
1983 में रिलीज हुई फिल्म 'हीरो' ने रातों-रात जैकी श्रॉफ को स्टार बना दिया था। सुभाष घई ने एक साधारण से लड़के में वह स्पार्क देखा और उसे सिनेमाई पर्दे का 'हीरो' बना दिया। इसके बाद इस जोड़ी ने 'राम लखन' और 'खलनायक' जैसी कई यादगार फ़िल्में दीं। 'खलनायक' की बात करें तो हाल ही में संजय दत्त ने इसके सीक्वल की घोषणा की है, हालांकि सुभाष घई ने स्पष्ट किया है कि वह इस बार निर्देशन की कमान नहीं संभालेंगे, बल्कि केवल एक कैमियो में नजर आएंगे।
वर्कफ्रंट पर सक्रिय हैं 'भिड़ु'
69 वर्ष की उम्र में भी जैकी श्रॉफ का जज्बा कम नहीं हुआ है। वह लगातार नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ काम कर रहे हैं। हाल ही में वह फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' में नजर आए, जिसमें उनके साथ कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे मुख्य भूमिकाओं में थे। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।