Nagabandham trailer out: रहस्य, पौराणिक दुनिया, रहस्यमयी नाग, छुपे हुए खजाने और बड़े स्केल के विजुअल्स से भरपूर पैन इंडिया फिल्म 'नागाबंधम' का ट्रेलर आखिरकार मुंबई में लॉन्च कर दिया गया। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में स्टारकास्ट और मेकर्स की मौजूदगी ने माहौल को और खास बना दिया। इस मौके पर विराट कर्णा, नभा नटेश, दक्षा नागरकर, ऋषभ साहनी, महेश मांजरेकर, गणेश आचार्य, निर्देशक अभिषेक नामा और निर्माता निशिता नागिरेड्डी और किशोर अन्नापुरेड्डी मौजूद रहे।
ट्रेलर की शुरुआत ही दर्शकों को अपनी ओर खींच लेती है। सबसे पहले एक रहस्यमयी नगर दिखाई देता है, जहां एक धर्मगुरु एक दुर्लभ और रहस्यमयी पुष्प की चर्चा करता नजर आता है। इसके बाद अचानक एक शब्द सुनाई देता है — ब्रह्मकमलम। इसी के साथ कहानी एक अलग मोड़ लेती है और एक रहस्यमयी नाग इस पवित्र ब्रह्मकमलम की रक्षा करता दिखाई देता है, जो ट्रेलर में रहस्य और उत्सुकता को और बढ़ा देता है।
जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, इसकी रफ्तार भी तेज होती जाती है। एक अघोरी, कई सर्पों के विजुअल्स और एक युवा का किसी रहस्यमयी सपने से जागने वाला दृश्य कहानी के प्रति दिलचस्पी बढ़ाता है। इसके बाद सेना, पुजारियों, राजाओं और छुपे हुए खजानों की भव्य झलकियां फिल्म की दुनिया को और विशाल बनाती हैं। ट्रेलर का एक खास आकर्षण महेश मांजरेकर का पुजारी वाला किरदार है, जो अपनी दमदार मौजूदगी से ध्यान खींचता है। वहीं भगवान शिव से प्रेरित कुछ दिव्य विजुअल्स ट्रेलर में पौराणिक और आध्यात्मिक रंग भी जोड़ते हैं।
3 मिनट 19 सेकंड का यह ट्रेलर अपने अंतिम हिस्से में कई हाई-स्केल और फैन मोमेंट्स के साथ खत्म होता है, जो दर्शकों को और जानने के लिए उत्साहित छोड़ देता है। ट्रेलर को देखकर साफ महसूस होता है कि नागाबंधम इस साल की सबसे बड़ी Mythological Action Adventure फिल्मों में से एक बन सकती है, जहां फैंटेसी, रहस्य और एक्शन का बड़ा मेल देखने को मिलने वाला है।
निर्माता निशिता नागिरेड्डी और किशोर अन्नापुरेड्डी ने कहा, "नागाबंधम हमारे लिए बेहद खास प्रोजेक्ट है। हमारी कोशिश शुरू से ही एक ऐसी कहानी दर्शकों तक पहुंचाने की रही है, जिसमें मिथोलॉजी और रहस्य को बड़े स्केल पर दिखाया जाए। फिल्म के हर पहलू को बहुत पैशन और डिटेलिंग के साथ बनाया गया है ताकि दर्शकों को एक विजुअली रिच और इमोशनल अनुभव मिल सके।"
निर्देशक अभिषेक नामा ने कहा, "नागाबंधम दर्शकों को रहस्य, एडवेंचर और भावनाओं से भरी एक अलग दुनिया में ले जाएगी। हमने बड़े स्केल की विजुअल्स और मजबूत कहानी के साथ एक नया सिनेमाई अनुभव बनाने की कोशिश की है। ट्रेलर सिर्फ एक झलक है, फिल्म में अभी कई बड़े सरप्राइज बाकी हैं।"