सीरीज-'मेड इन इंडिया'

सीरीज-'मेड इन इंडिया'
निर्देशक: रॉबी ग्रेवाल
कलाकार-नसीरुद्दीन शाह, जिम सर्भ, वैभव तत्वावदी, कावेरी सेठ, नमिता दूबे, लक्षवीर सिंह सरन
रेटिंग: 4/5
Made In India-A Titan Story: जब किसी कहानी में 'टाटा' जैसा देश का सबसे पॉपुलर नाम शामिल हो, तो आम तौर पर लोग उम्मीद करते हैं कि यह एक शानदार कॉरपोरेट कहानी होगी। लेकिन मेड इन इंडिया -अ टाइटन स्टोरी इस सोच को पूरी तरह से बदल देती है। स्क्रीन पर जो सामने आता है, वह है-अथाह संघर्ष, सरकारी और प्रशासनिक अड़चनें, और गहरे व्यक्तिगत दर्द की एक असल और हाई-स्टेक्स दास्तां।
शो की कहानी
यह शो साबित करता है कि एक विरासत को बनाना कभी भी आसान नहीं होता। सीरीज का मेन फोकस है दूरदर्शी लीडर ज़रक्सेस देसाई (Xerxes Desai) और उनके महान मेंटर जे.आर.डी. टाटा (J.R.D. Tata) के बीच का बेहद इमोशनल, खूबसूरत और गहरा रिश्ता। यह एक ऐसा सफर है, जो सिर्फ मनोरंजन नहीं करता, बल्कि हर भारतीय को गर्व से भर देता है।
यह सीरीज़ सिर्फ डिजिटल एंटरटेनमेंट से कहीं ऊपर है। यह एक ऐसा महत्वपूर्ण सांस्कृतिक दस्तावेज़ है, जिसे देश भर के स्कूलों में बच्चों को दिखाना अनिवार्य कर देना चाहिए। हमारी नई पीढ़ी को यह समझने की ज़रूरत है कि असली सुपरहीरो केप नहीं पहनते और न ही वे 'मार्वल' की दुनिया से आते हैं। असली सुपरहीरो जेरक्सेस देसाई जैसे होते हैं-अडिग विश्वास और सिद्धांतों वाले लोग, जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी। इन सबसे बढ़कर, यह शो टाटा जैसी संस्था के उस अनोखे कल्चर को मानता है, जो मुनाफे से पहले देश और समाज के निर्माण को रखता है और अपने लोगों को अधिकार देता है-'असफलता की आज़ादी' (Freedom of Failure)।
एक्टिंग
जिम सर्भ ने ज़रक्सेस देसाई का किरदार निभाया है। जिम ने लाजवाब परफॉर्मेंस दी है, जो उनके करियर की सबसे बेहतरीन भूमिका साबित होगी। उन्होंने ज़रक्सेस देसाई की तेजतर्रार, जुनूनी और कभी न हार मानने वाली एनर्जी को स्क्रीन पर जीवंत कर दिया है। वहीं बात करें नसीरुद्दीन शाह की जो जे.आर.डी. टाटा के किरदार में हैं। नसीर साहब का काम किसी भी समीक्षा के दायरे से परे है। स्क्रीन पर उनका हर एक फ्रेम किसी तोहफे से कम नहीं है। उन्होंने जे.आर.डी. टाटा के किरदार को उस सहज गरिमा, गर्मजोशी और शालीनता के साथ निभाया है, जिसे शब्दों में बयां करना नामुमकिन है।
वहीं सीरीज में सपोर्टिंग रोल में नजर आए रजनी के किरदार में नमिता दुबे बेहतरीन लगी हैं। कावेरी सेठ, वैभव, लक्षवीर, अश्वत्थ भट्ट, जॉय सेनगुप्ता और विराफ पटेल जैसे शानदार कलाकारों ने बेहतरीन सपोर्ट दिया है, जिससे इस विशाल कहानी का हर एक पहलू निखर कर सामने आया है।
स्क्रीनप्ले और निर्देशन
स्क्रीनप्ले और डायलॉग करण व्यास, कंदर्प ने लिखे हैं। वहीं नीरज दासा ने स्क्रीनप्ले तैयार किया है। इतिहास के हर एक पन्ने को उन्होंने बड़ी संजीदगी और बारीकी से बुना है, और इसके डायलॉग बेहद शानदार, असरदार और दिल को छू लेने वाले हैं। बात निर्देशक रॉबी ग्रेवाल ने इस विशाल और मेगा प्रोजेक्ट को पूरे विश्वास और कनविक्शन के साथ निर्देशित किया है। इतने बड़े पैमाने के प्रोजेक्ट को संभालना एक बेहद कुशल कप्तान का ही काम है, और रॉबी का यह जुनून स्क्रीन पर साफ दिखता है।
एक बेहद बड़े बजट पर बनी इस सीरीज़ का हर एक फ्रेम पैसे की सही कीमत को सही ठहराता है। इसका प्रॉडक्शन डिज़ाइन टॉप लेवल का है, जो दर्शकों को बेहद खूबसूरती के साथ पुराने दौर की उस जादुई और गर्व महसूस कराने वाली दुनिया में ले जाता है। ऑलमाइटी मोशन पिक्चर द्वारा निर्मित, मेड इन इंडिया – अ टाइटन स्टोरी एक शानदार सीरीज है। यह बायोग्राफिकल ड्रामा किसी भी कीमत पर मिस न करें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।