Mookuthi Amman 2 teaser: नयनतारा स्टारर 'मूकुथी अम्मन 2' के मेकर्स ने विनायक चतुर्थी के शुभ मौके पर फिल्म का टीजर 'राइज ऑफ महाशक्ति' रिलीज किया। जहां 'मूकुथी अम्मन' को RJ बालाजी ने डायरेक्ट किया था, वहीं इसके सीक्वल को सुंदर C डायरेक्ट कर रहे हैं। 'मूकुथी अम्मन 2' एक भक्ति ड्रामा है, जो दिवाली वीकेंड से पहले 6 नवंबर को रिलीज होने वाली है।
टीजर की शुरुआत पहली फिल्म से कहीं बड़ी दुनिया के साथ होती है, जो पौराणिक अतीत और मुश्किल भरे वर्तमान के बीच घूमती है। कहानी उस दौर की है जब एक राज्य को खतरनाक हमले का सामना करना पड़ता है। टीजर की झलक से अस्तित्व की लड़ाई और एक दैवीय शक्ति के आगमन का हिंट मिल रहा। इसके बाद कहानी वर्तमान समय में आती है, जहां एक आपदा ने आम लोगों की जिंदगी को अपनी चपेट में ले लिया है।
जब डर और अनिश्चितता का माहौल बनता है तो लोग महाशक्ति की ओर रुख करते हैं। फिल्म नयनतारा के किरदार के इर्द गिर्द धूमती है। पौराणिक कथाओं, फैंटेसी, एक्शन बेहद शानदार नजर आ रहा है।
पहली 'मूकुथी अम्मान' में भक्ति-भाव के साथ तंज और सामाजिक कमेंट का मिक्सचर देखने को मिला था, लेकिन इसके उलट इसका सीक्वल कहीं बड़े पैमाने पर बनाया गया लग रहा है। टीजर एक ऐसी कहानी का संकेत देता है, जो अतीत और वर्तमान को जोड़ती है और साथ ही अच्छाई और बुराई के बीच एक बड़ी लड़ाई को केंद्र में रखती है।
नयनतारा के साथ इस फिल्म में विजय, रेजिना कैसेंड्रा, उर्वशी, योगी बाबू, मायना नंदिनी, गरुड़ राम, अभिनय, श्रुति एस, सिंगमपुली अन्नावी, वीआर स्वामीनाथन, शिवकुमार एस, सुनील वर्मा इंदुकुरी, वर्षिनी वेंकट, पाला करुप्पिया, आनंदा अधिष्ठा लक्ष्मी, नितिन सत्या और देबलीना चाकी शामिल हैं।
सुंदर सी के साथ अक्सर काम करने वाले हिप-हॉप तमिलझा इस फिल्म का संगीत तैयार कर रहे हैं। गोपी अमरनाथ ने सिनेमैटोग्राफी संभाली है, जबकि फेनी ओलिवर एडिटर हैं। राजशेखर के स्टंट कोरियोग्राफर हैं, और वेंकट राघवन ने पटकथा और संवाद लिखे हैं। 'मूकुथी अम्मान 2' का निर्माण वेलस फिल्म इंटरनेशनल बैनर के तहत इशारी के. गणेश ने किया है। 6 नवंबर को रिलीज होने वाली यह फिल्म दिवाली के मौसम में सिनेमाघरों में आएगी।