Nora Fatehi: 'सरके चुनर' विवाद पर नोरा फतेही ने NCW से मांगी माफी, अनाथ बच्चियों की पढ़ाई का उठाएंगी जिम्मा

Nora Fatehi: 'सरके चुनर' गाने के विवाद के बाद नोरा फतेही ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) से लिखित माफी मांगी है और अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अनाथ बच्चियों की पढ़ाई को प्रायोजित करने का फैसला किया है।

अपडेटेड May 07, 2026 पर 3:31 PM

बॉलीवुड की मशहूर डांसर और अभिनेत्री नोरा फतेही इन दिनों अपनी एक फिल्म के गाने को लेकर उपजे विवाद के कारण सुर्खियों में हैं। फिल्म 'KD: द डेविल' के हालिया रिलीज गाने 'सरके चुनर' (Sarke Chunar) के लिरिक्स और विजुअल्स पर मचे बवाल के बाद, नोरा फतेही ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखा। नोरा ने न केवल इस मामले में अपनी लिखित माफी सौंपी है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कुछ अनाथ बच्चियों की पढ़ाई को स्पॉसंर करने का भी बड़ा ऐलान किया है।

क्या था पूरा विवाद?

विवाद की शुरुआत फिल्म 'KD: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' के रिलीज होने के साथ हुई। गाने के लिरिक्स और उसकी कोरियोग्राफी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। कई लोगों ने इसे 'अश्लील' और महिलाओं की गरिमा को कम करने वाला बताया था। गायक अरमान मलिक ने भी इस गाने के लेखन की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे 'गिरावट का नया स्तर' करार दिया था। मामला तब और गंभीर हो गया जब गाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर कानूनी शिकायतें दर्ज की गईं, जिसके बाद मेकर्स ने कथित तौर पर इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया।


आयोग के सामने पेशी और माफी

राष्ट्रीय महिला आयोग ने गाने में महिलाओं के चित्रण को लेकर उठ रहे सवालों के बाद नोरा फतेही को समन जारी किया था। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने स्पष्ट किया कि 'रचनात्मकता' के नाम पर महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता।

आयोग के सामने पेश होने के बाद नोरा ने कहा, "मैंने आयोग को अपना माफीनामा सौंप दिया है। मेरा इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कतई नहीं था। एक कलाकार के रूप में मैं अपनी जिम्मेदारी समझती हूं।" अपनी इस गलती को सुधारने और सकारात्मक बदलाव लाने के लिए नोरा ने घोषणा की कि वे कुछ अनाथ बच्चियों की पढ़ाई-लिखाई का पूरा खर्च उठाएंगी।

संजय दत्त ने भी मांगी थी माफी

दिलचस्प बात यह है कि इस गाने के विवाद में केवल नोरा ही नहीं, बल्कि फिल्म से जुड़े दिग्गज अभिनेता संजय दत्त भी शामिल थे। संजय दत्त ने भी इससे पहले NCW के सामने पेश होकर लिखित माफी दी थी। उन्होंने अफसोस जताते हुए 50 आदिवासी बच्चियों की शिक्षा का जिम्मा उठाने का वादा किया है। साथ ही, उन्होंने आयोग को आश्वासन दिया है कि भविष्य में उनके साथ जुड़ने वाले प्रोजेक्ट्स में महिलाओं और बच्चों के चित्रण को लेकर कड़ी कानूनी और नैतिक जांच की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।