Anil Kapoor Anniversary: 'न हनीमून, न कोई तामझाम, बस 30 मिनट...', शादी की 42वीं सालगिरह पर अनिल कपूर ने याद किए सादगी भरे पल

Anil Kapoor Anniversary: अभिनेता अनिल कपूर ने पत्नी सुनीता संग अपनी शादी की 42वीं सालगिरह और 53 वर्षों के साथ पर एक भावुक नोट साझा करते हुए अपनी महज 30 मिनट की सादगी भरी शादी को याद किया।

अपडेटेड May 19, 2026 पर 4:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

बॉलीवुड के 'एवरग्रीन' और हमेशा ऊर्जा से भरपूर रहने वाले अभिनेता अनिल कपूर आज अपनी शादी की 42वीं सालगिरह मना रहे हैं। सुनीता कपूर के साथ उनका यह साथ सिर्फ चार दशकों का नहीं, बल्कि उनके जीवन का एक बहुत बड़ा हिस्सा है। इस खास मौके पर अनिल कपूर ने अपने पुराने दिनों को याद किया और सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक और रोमांटिक नोट साझा कर अपनी पत्नी के प्रति प्यार जताया है। उन्होंने बताया कि कैसे आज से 42 साल पहले हुई उनकी शादी बेहद साधारण और महज 30 मिनट के भीतर संपन्न हो गई थी।

30 मिनट की शादी और 53 सालों का खूबसूरत साथ

अनिल कपूर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर सुनीता के साथ बिताए गए सुनहरे पलों की कुछ पुरानी और नई तस्वीरें साझा कीं। इनमें से एक तस्वीर उनकी शादी के समय की भी है। इन तस्वीरों के साथ अनिल ने एक दिल छू लेने वाला संदेश लिखा— "42 साल की शादी और 53 साल का साथ! और न जाने कैसे, हर बीतता साल पिछले साल की तुलना में और ज्यादा खुशियों से भरा हुआ महसूस होता है।"


अपनी शादी के दिन को याद करते हुए अभिनेता ने आगे लिखा— "वह हमारी जिंदगी की सबसे साधारण शादी थी, जो मुश्किल से तीस मिनट में पूरी हो गई थी। न तो कोई हनीमून था और न ही कोई बड़ा तामझाम। शादी में सिर्फ हमारे माता-पिता, कुछ बेहद करीबी लोग और हम दोनों थे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह तीस मिनट का समय 53 सालों के एक खूबसूरत सफर में बदल जाएगा। जैसा कि लोग कहते हैं, शादियां स्वर्ग में तय होती हैं, हमारी शादी भी निश्चित रूप से वहीं तय हुई थी।"

'तुम्हारी वजह से ही मैं अपने सपने पूरे कर पाया'

अनिल कपूर ने अपनी सफलता और जीवन के हर उतार-चढ़ाव में सुनीता के योगदान को सबसे बड़ा बताया। उन्होंने अपनी पत्नी का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि सुनीता ही वह ताकत हैं, जिनकी वजह से घर और बाहर की हर चीज सही तरीके से चलती रही।

उन्होंने आगे लिखा— "मैंने यह बात पहले भी कही है और हमेशा कहता रहूंगा कि तुम ही वो वजह हो, जिससे सब कुछ मुमकिन हो पाता है। तुम्हारी वजह से ही मैं अपने हर सपने के पीछे भाग सका, हर तरह का जोखिम उठा सका और हर फिल्म के सेट पर बिना किसी चिंता के जा सका। ऐसा इसलिए था क्योंकि मुझे हमेशा पता था कि तुम पीछे सब कुछ ग्रेस और प्यार के साथ संभाल रही हो। पिछले 53 सालों से हर दिन मुझे चुनने के लिए तुम्हारा शुक्रिया।"

prank कॉल से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

अनिल और सुनीता की प्रेम कहानी 1970 के दशक के उत्तरार्ध में शुरू हुई थी, जब अनिल कपूर इंडस्ट्री में एक बड़े स्टार नहीं बने थे। सुनीता उस समय फैशन की दुनिया में एक जाना-माना नाम थीं और मॉडलिंग करती थीं। दोनों की पहली बातचीत दोस्तों द्वारा किए गए एक प्रैंक फोन कॉल के जरिए हुई थी। पहली ही बातचीत में अनिल सुनीता की आवाज के दीवाने हो गए थे और बाद में जब वे राज कपूर के घर पर मिले, तो दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। लगभग 10 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद आखिरकार साल 1984 में दोनों ने शादी कर ली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।