OTT पर इस हफ्ते मिलेगा एंटरटेनमेंट का तगड़ा डोज, रिलीज हो रही ये फिल्में और सीरीज

जुलाई के आखिरी हफ्ते में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर एंटरटेनमेंट का जबरदस्त तड़का लगने वाला है। इस हफ्ते दर्शकों के लिए कई नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने वाली है। आइए जानते हैं अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कौन सी फिल्में और वेब रिलीज होने वाली है

अपडेटेड Jul 29, 2026 पर 9:39 PM
अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कौन सी फिल्में और वेब रिलीज होने वाली है

ओटीटी पर हर हफ्ते कई वेब सीरीज और फिल्में रिलीज होती रहती है। जुलाई के आखिरी वीकेंड में भी दर्शकों को मनोरंजन का भरपूर डोज मिलने वाला है। इस हफ्ते कई बड़े शो और फिल्में रिलीज हो रही हैं, जिनमें फेमस सीक्वल, ट्रू-क्राइम डॉक्यूमेंट्री और इमोशनल ड्रामा शामिल हैं। एक ओर मेरिल स्ट्रीप और ऐनी हैथवे 'द डेविल वियर्स प्राडा 2' के साथ वापसी कर रही हैं, तो दूसरी ओर 'कर्ण' भी इसी हफ्ते रिलीज होने वाली है। आइए जानते हैं 27 जुलाई से 31 जुलाई के बीच अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कौन सी फिल्में और वेब रिलीज होने वाली है।

'द डेविल वियर्स प्राडा 2'

'द डेविल वियर्स प्राडा 2' 29 जुलाई को JioHotstar पर रिलीज होगी। इस फिल्म में ऐनी हैथवे और मेरिल स्ट्रीप एक बार फिर अपने मशहूर किरदारों में नजर आएंगी। कहानी में फैशन मैगजीन रनवे डिजिटल दौर और घटती कमाई की वजह से मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे में मिरांडा प्रीस्टली अपनी पहचान और मैगजीन को बचाने की कोशिश करती है। वहीं, एंडी सैक्स कई साल बाद फिर से रनवे लौटती है। दोनों की मुलाकात पुराने रिश्तों, टकराव और बदलती फैशन इंडस्ट्री के बीच नई चुनौतियों को सामने लाती है।


'बैटमैन: केप्ड क्रूसेडर सीजन 2'

'बैटमैन: केप्ड क्रूसेडर सीजन 2' 31 जुलाई को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा। नए सीजन में बैटमैन एक बार फिर गोथम सिटी को अपराधियों से बचाने के मिशन पर नजर आएगा। बड़े गैंगस्टरों की गिरफ्तारी के बाद शहर में अपराध की नई जंग शुरू हो जाती है, जहां नए दुश्मन सत्ता हासिल करने की कोशिश करते हैं। ये सीजन ब्रूस वेन के शुरुआती सुपरहीरो सफर और उसके संघर्ष को भी करीब से दिखाएगा।

'द लेजेंड ऑफ कर्ण'

'द लेजेंड ऑफ कर्ण' 31 जुलाई को SonyLIV पर रिलीज होगी। यह हिंदी एनिमेटेड पौराणिक सीरीज महाभारत के महान योद्धा कर्ण के जीवन पर आधारित है। सीरीज में उनके जन्म से लेकर सारथी परिवार में पालन-पोषण, धनुर्विद्या में उनकी असाधारण प्रतिभा और समाज में मिली उपेक्षा तक की कहानी दिखाई गई है। कर्ण के संघर्ष, त्याग और सम्मान की तलाश को इस सीरीज में भावनात्मक और रोचक अंदाज में पेश किया गया है।

'बालन: द बॉय'

बालन: द बॉय 31 जुलाई को ZEE5 पर रिलीज होगी। ये एक मलयालम साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। इस फिल्म में एक ऐसे लड़के की कहानी दिखाई गई है, जिसकी परवरिश कई रहस्यों के बीच होती है। उसकी मां उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाती है और बार-बार अपनी पहचान बदलती रहती है, लेकिन कभी ये नहीं बताती कि वह किससे छिप रही है। जब उसकी मां अचानक लापता हो जाती है, तो बालन उसके अतीत की सच्चाई जानने की कोशिश करता है। इसी तलाश के दौरान कई चौंकाने वाले राज सामने आते हैं, जो कहानी को और ज्यादा रोमांचक बना देते हैं।

'पैन एम 103 पर बमबारी'

'पैन एम 103 पर बमबारी' 30 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। ये छह एपिसोड की लिमिटेड सीरीज साल 1988 में स्कॉटलैंड के लॉकरबी के ऊपर हुए पैन एम फ्लाइट 103 बम धमाके की सच्ची घटना पर आधारित है। इस हादसे में विमान में सवार सभी 259 यात्रियों और क्रू मेंबर्स के साथ जमीन पर मौजूद 11 लोगों की भी मौत हो गई थी। सीरीज में इस दर्दनाक घटना के बाद शुरू हुई बड़ी जांच, स्कॉटलैंड पुलिस और एफबीआई की संयुक्त कार्रवाई और दुनिया के कई देशों में जुटाए गए सबूतों की पूरी कहानी दिखाई जाएगी।

'द डेविल्स माउथ'

द डेविल्स माउथ 29 जुलाई को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। ये एक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें पांच कॉलेज दोस्त ग्रेजुएशन से पहले छुट्टियां मनाने के लिए थाईलैंड जाते हैं। वहां वे 'द डेविल्स माउथ' नाम की समुद्री गुफाओं की सैर पर निकलते हैं, लेकिन अचानक उनका रोमांच डरावने अनुभव में बदल जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।